यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया से युवक की मौत, 36 से ज्यादा भर्ती

असोहा,संवादसूत्र: डायरिया के कहर से असोहा ब्लाक के गांव भाऊमऊ में गुरुवार सुबह कोहराम मच गया। 36 से अधिक लोग उल्टी दस्त से पीड़ित हैं। भोर पहर लगभग चार बजे डायरिया पीड़ितों में एक युवक की मौत हो गई। महिला, पुरुष व बच्चों में कुछ को असोहा जबकि अन्य को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
डायरिया से बसंतू शर्मा (19) पुत्र श्रीकांत की मौत हो गई। इसी बीच मृतक की तीन बहनें गोल्डी (13), रूबी (7) तथा रुची (11) भी डायरिया का शिकार हो गई। तीनों की हालत नाजुक है। इसके अतिरिक्त साधना (20), शिव कुमार (54), इनकी एक बेटी, रामसजीवन तथा इनके तीन बेटे, शिवराज (50) इनके दो बेटे, रामसिंह की पत्नी, लड़की, रामगुलाम, हरी प्रसाद, बुद्धीलाल नाई, दिलीप शर्मा सहित तीन दर्जन से अधिक लोग डायरिया की चपेट में है।
प्रधान श्रीदेव यादव की सूचना पर सीएचसी असोहा के प्रभारी डा. अतुल भारती अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे तथा दवाओं का वितरण कराया। डा. अतुल ने पुष्टि की है कि बसंतू की मृत्यु डायरिया से हुई है। डा. भारती ने कहा कि जनपद से टीम बुलाने की जरूरत नहीं है। उधर गांव वालों ने आरोप लगाया कि गांव में स्वास्थ्य टीम केवल लाल, पीली व हरी टेबलेट देकर मरीजों को टरका रही है। असोहा अस्पताल में पहुंचे तमाम रोगी कुछ देर बाद नर्सिग होम चले गए। पूरे गांव में डायरिया को लेकर कोहराम मचा है। घर-घर डायरिया रोगी कराह रहें हैं।
दूषित पानी से डायरिया फैलने की संभावना
डायरिया फैलने की सूचना पाकर गांव पहुंचे डॉ. अतुल ने कहा कि संभावना है कि हैंडपंप का पानी दूषित है। जिसका सेवन करने के कारण लोग डायरिया के शिकार हुए हैं।
मुख्यालय से भेजा टीम
सीएमओ डॉ. ताराचंद्र ने बताया कि मुख्यालय से एपेडमिक टीम भेजी है। गांव में दवा उपचार के साथ ही टीम दवा का छिड़काव कराएगी।
