यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 24, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेज बुखार से दो और की जान गई

उन्नाव, जागरण संवाददाता: तेज बुखार से मौतों का सिलसिला रुक नहीं रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती तेज बुखार के दो और रोगियों की मौत हो गई। इसके पहले एक पखवारे के अंदर जिला अस्पताल में तेज बुखार के बाद भर्ती कराए जाने वाले 6 लोगों की मौत हो चुकी है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही जिले में संक्रामक रोग भी तेजी से पांव पसार रहे हैं। डायरिया के रोगियों की तो भरमार है। सरकारी अस्पताल हो या फिर नर्सिग होम डायरिया रोगियों की सभी जगह भरमार है। जिला अस्पताल में बीते चौबीस घंटे के अंदर डायरिया के 19 और बुखार के 5 रोगी भर्ती कराए गए। इनमें सरजू देवी (55) पत्नी शिवबालक निवासी आवास विकास कालोनी को मध्यरात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को उनकी मौत हो गई। इसी क्रम में गत 23 अप्रैल को तेज बुखार होने के कारण बांगरमऊ कोतवाली के गांव सेतुबाही निवासी भूपनारायण (60) पुत्र बद्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया उनकी भी मौत हो गई। एक पखवारे के अंदर जिला अस्पताल में 6 मौतें हो चुकी हैं।
