यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 30, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेज बुखार ने ली युवती की जान

उन्नाव, जागरण संवाददाता: मौसम में बदलाव के साथ ही संक्रामक रोगों ने तेजी से पाव पसारने शुरु कर दिए हैं। जिला अस्पताल में तेज बुखार और डायरिया के रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल में भर्ती तेज बुखार से पीड़ित एक युवती की सोमवार को भोर पहर मौत हो गई। जबकि 24 घंटे के अंदर डायरिया के डेढ़ दर्जन रोगी जिला अस्पताल में भर्ती किए गए हैं।
अचलगंज थाना क्षेत्र के गांव बलाई निवासी रामगुलाम की पुत्री सोनी (18) को दिनों से तेज बुखार आ रहा था। रविवार को अचानक हालत बिगड़ी परिवार के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां भोर पहर लगभग चार बजे उसकी मौत हो गई। 24 घंटे में जिन डेढ़ दर्जन डायरिया रोगियों को अस्पताल में भर्ती किया गया है उनमें पायल (ढाई वर्ष) पुत्री चंद्रशेखर शोभाखेड़ा अचलगंज, उजैर (11) शिवनगर, काव्या (6) खंजीखेड़ा कोतवाली शहर, संगीता (25) प्रियदर्शिनीनगर, राजकुमार (54) तथा मुस्कान (ढाई वर्ष) पुत्री राजकुमार को सोमवार को भर्ती कराया गया है। डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि मौसम में परिवर्तन के समय वायरस तेजी से फैलते हैं, मच्छर बढ़ते हैं, प्रदूषित पानी के सेवन से ही संक्रामक रोग बढ़ रहे हैं।
