यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से एक और युवती की मौत

उन्नाव, नगर संवाददाता : सर्द हवाओं ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर रखा है। गलन और ठिठुरन ने संक्रामक रोगी भी बढ़ा दिए हैं। बुखार और कोल्ड डायरिया जानलेवा बना है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती एक और बुखार पीड़ित युवती की मौत हो गई।
तीन दिनों से ठंड बढ़ी है। कपा देने वाली सर्दी के कारण कोल्ड डायरिया और बुखार के रोगी लगातार बढ़ रहे हैं। तीन दिनों में बुखार के 14 और कोल्ड डायरिया के 18 रोगी जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। भर्ती रोगियों में गुरुवार को बुखार से एक युवक और एक युवती की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। शुक्रवार को गुड़िया (28) पत्नी अनिल निवासी ईदगाह की बुखार से मौत हो गई।
बच्चों के प्रति बरतें सावधानी
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बृज कुमार ने कहा कि एक से सात वर्ष तक की आयु वाले बच्चों को ठंड से बचाकर रखें। उन्हें कोल्ड डायरिया और निमोनिया बुखार का खतरा सबसे अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि ऊनी कपड़े पहनाकर रखें, कान किसी कीमत पर खुले न रहने दें। दस्ताना और मोजा जूता पहनाकर निकलने दें।
हृदय रोगी करें बचाव
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके पांडे ने कहा कि इस ठंड में खून जमता है इससे हार्टअटैक का खतरा अधिक रहता है। उन्होंने बताया कि हृदय रोगी यथा संभव ठंडे पानी से न नहाएं। बाथरूम बंद करके ही नहाए। जिस कमरे में रहे उसमें हीटर आदि लगाकर रखें। सांस फूलने की दिक्कत को हल्के में न लेकर डाक्टर को दिखाएं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
