विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फिर से ट्रेन हादसा, सोनभद्र में शक्तिपुंज एक्सप्रेस के सात डिब्बे पटरी से उतरे

By amal chowdhuryEdited By:
Published: Thu, 07 Sep 2017 08:31 AM (IST)Updated: Thu, 07 Sep 2017 10:51 PM (IST)

प्रथम दृष्टया पटरी टूटने की ही बात सामने आ रही है। रेल बेपटरी होने के बाद इस रूट की कई गाड़ियों को रोक दिया गया है।

फिर से ट्रेन हादसा, सोनभद्र में शक्तिपुंज एक्सप्रेस के सात डिब्बे पटरी से उतरे
फिर से ट्रेन हादसा, सोनभद्र में शक्तिपुंज एक्सप्रेस के सात डिब्बे पटरी से उतरे

सोनभद्र (जेएनएन)। हावड़ा से चलकर जबलपुर जा रही डाउन 11448 शक्तिपुंज एक्सप्रेस की सात बोगियां गुरुवार सुबह 6.20 बजे पटरी से उतर गईं। नतीजतन यात्रियों में हड़कंप मच गया। आठ यात्री मामूली रूप से जख्मी हुए हैं, इनमें एक झारखंड, एक बिहार और छह मध्य प्रदेश के हैं। हादसा उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मध्य प्रदेश से लगते चोपन-सिगरौली रेलखंड पर ओबरा-फफराकुंड स्टेशन के बीच में हुआ। करीब घंटेभर बाद क्षतिग्रस्त बोगियों को मौके पर छोड़ कुल नौ बोगियों के साथ ट्रेन सिंगरौली स्टेशन के लिए रवाना हुई, जहां घायल यात्रियों का इलाज करने के बाद ट्रेन को जबलपुर के लिए रवाना किया गया। लगभग आधा दर्जन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। प्रथम दृष्टया हादसे की वजह ट्रैक में गड़बड़ी बताई जा रही है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक पीडब्लूआइ बी. मणिक व जेई धर्मेंद्र को निलंबित कर दिया गया है। लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पीयूष गोयल के रेल मंत्रालय संभालने के बाद संभवत: यह पहली ट्रेन दुर्घटना है।

यह भी पढ़ें: योगी के तेवर में तल्खीः बहन-बेटी पर नजर डाली तो घर पर चढ़ा देंगे बुलडोजर

धड़ाधड़ बोगी से कूदने लगे यात्री 

डाउन शक्तिपुंज एक्सप्रेस बुधवार को दोपहर लगभग एक बजकर दस मिनट पर 16 बोगियों में यात्रियों को लेकर हावड़ा स्टेशन से चली। अपने निर्धारित समय चार बजकर 45 मिनट की जगह वह पांच बज कर 40 मिनट पर चोपन रेलवे स्टेशन पहुंची। जहां लगभग 20 मिनट रुकने के बाद सिंगरौली स्टेशन के लिए रवाना हुई। लगभग छह बजकर 10 मिनट पर ओबरा डैम रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के दो मिनट बाद आगे बढ़ी ट्रेन 6.20 बजे फफराकुंड स्टेशन से पहले कडिय़ा गांव के पास पहुंची। जहां घुमावदार ट्रैक पर ट्रेन की नौ बोगियों के पार होने के बाद एसी की चार, जनरल दो व एसएलआर की एक बोगी  बेपटरी हो गई। इस पर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। हादसे से घबराए यात्री धड़ाधड़ बोगी से कूदने लगे। इस दौरान आठ यात्रियों में से किसी को बांह, किसी को पैर व किसी को सिर में चोट लग गई। जांच पड़ताल के बाद क्षतिग्रस्त बोगियों को छोड़ शेष नौ बोगियों में यात्रियों को बैठाकर ट्रेन को 7.28 बजे पर सिंगरौली स्टेशन के लिए रवाना कर दिया गया। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डीके गायेन और धनबाद मंडल के डीआरएम मनोज कृष्ण अखौरी सहित रेलवे और प्रशासन के आला अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

...तो 300 फीट खाई में चली जातीं बोगियां

रेलवे सूत्रों का कहना है कि घुमावदार ट्रैक पर बोगियों के उतरने के बाद एयर प्रेशर निकल गया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा गाड़ी खड़ी कर दी, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। जिस स्थान पर घटना हुई वहां एक तरफ पहाड़ व दूसरी ओर लगभग तीन सौ फीट गहरी खाई है। पहाड़ काटकर रेल पटरी बिछाई गई है। यदि चालक ने इमरजेंसी ब्रेक न लगाया होता तो पलटने के बाद सभी बोगियां तीन सौ फीट गहरी खाई में चली जाती। 

तस्वीरों में देखें-शक्तिपुंज एक्सप्रेस हादसे के बाद सक्रियता

इन यात्रियों को आई मामूली चोट...

  • 1. गौतम कुमार गुप्ता (30) निवासी औरंगी, मध्य प्रदेश। 
  • 2. एमके सिंह (28) निवासी लातेहार, झारखंड।  
  • 3. प्रदीप कुमार (30) निवासी मध्य प्रदेश।
  • 4. सुजीत (24) निवासी बरगवां, मध्य प्रदेश। 
  • 5. आरए राम (45) निवासी सिंगरौली, मध्य प्रदेश। 
  • 6. सीएस प्रसाद (54)) सिंगरौली, मध्य प्रदेश। 
  • 7. एमएल प्रजापति (49) निवासी बिहार।  
  • 8. रामेश्वर प्रसाद (35) निवासी मध्य प्रदेश।

यह भी पढ़ें: नहीं माना सुप्रीम कोर्ट का आदेश, दिया एक साथ तलाक!