यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 12, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से महिला समेत दो की मौत

वैनी/खलियारी (सोनभद्र) : सोनांचल मे ठंड का कहर जारी है। सुबह व शाम बर्फीली हवाओं के कारण शीत लहर से जनपदवासियों को निजात मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। ठंड ने शुक्रवार को एक महिला समेत दो की जान ले ली।
नक्सल प्रभावित खलियारी व वैनी इलाके में गरीबों को ठंड से राहत दिलाने का कोई प्रयास नहीं किया गया। रायपुर थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव के रामपुर टोले में ठंड से शुक्रवार की रात उर्मिला (24) की मौत हुई है। उर्मिला करीब एक माह पूर्व फतेहपुर से अपने मायके कम्हरिया आई थी। करीब तीन दिन पूर्व ठंड लगने के बेसुध पड़ी उसके परिवार वाले दो दिन से उपचार भी करा रहे थे। गरीबी का दंश झेल रहा यह परिवार शुक्रवार को कुछ कर्ज लेकर उर्मिला को उपचार के लिए राबर्ट्सगंज के एक निजी चिकित्सक को दिखाया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ले जाने की सलाह दी लेकिन वाराणसी ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसी थाना क्षेत्र के सरईगढ़ गांव के नवाडीह टोले में शुक्रवार की रात रामपूजन यादव (40) ने दम तोड़ा है। सोनांचल में हर दिन सूर्य भगवान का दर्शन तो हो रहा लेकिन सूरज की किरणों से गरमाहट नहीं मिल रही है। इसकी मुख्य वजह गलन में कमी न होना है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
