विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शीत लहरी का कहर, ठंड से छात्रा की मौत

By Edited By:
Published: Tue, 08 Jan 2013 06:45 PM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

सोनभद्र : सोनांचल में मंगलवार को पारा और लुढ़क गया। रेणुकूट में सुबह दो डिग्री पारा गिरने से ठंड में और इजाफा हो गया है। ठंड का कहर इस दिन भी जारी रहा और घोरावल इलाके में एक बालिका की मौत हो गई।

घोरावल थाना क्षेत्र के पथरताल गांव में ठंड से मंगलवार की दोपहर बालिका कबूतरी की मौत हो गई। वह प्राथमिक विद्यालय पूरना की छात्रा थी। परिजन कह रहे कि ठंड लगने से वह कई दिनों से बीमार थी। उपजिलाधिकारी घोरावल विजय बहादुर सिंह का कहना है कि बालिका के मौत की खबर मिली। मामले की जांच कराई गई लेकिन जांच में ठंड नहीं किसी बीमारी से मौत की बात सामने आई है। उधर ग्रामीणों ने ठंड से हुई मौत मामले में पीड़ित परिवार को मुआवजा दिये जाने की मांग की है। शासन द्वारा बर्फीली हवाओं व शीत लहर के मद्देनजर आठवीं तक की कक्षा बंद करने से लोगों ने राहत की सांस ली है लेकिन यह ठंड गरीबों पर दोहरा कहर बरपा रही है। दरअसल ठंड के कारण वह इतने बेहाल है कि काम पर नहीं जा पा रहे। दूसरे काम पर न जाने के कारण उनके घरों में एक वक्त चूल्हा जलना भी मुश्किल हो गया है। जिले में गरीबों पर जिला प्रशासन की नजरे इनायत भी नहीं हुई है। कड़कड़ाती ठंड में ठिठुर रहे तमाम गरीब आज भी कंबल की आस में टकटकी लगाए हुए हैं। जिले में अलाव की भी माकूल व्यवस्था न होने से लोगों में जिला प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्कूल बंदी के आदेश जारी

बर्फीली हवा व शीत लहर का प्रकोप गहराने के कारण जिले में भी आठवीं तक के विद्यालयों को 12 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभु राम चौहान के मुताबिक बेसिक शिक्षा मंत्री व शिक्षा निदेशक (बेसिक) के निर्देश के क्रम में यह आदेश जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि कक्षा एक से आठ तक के समस्त नर्सरी एवं परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के अलावा मान्यता प्राप्त एवं कांवेंट विद्यालय भी बंद रहेंगे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर