यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड हुई जानलेवा एक और मौत

थानगांव(सीतापुर):थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात ठंड की चपेट में आकर एक अधेड़ की मौत हो गई। वह रात को झोपड़ी में सो रहा था। बीते दो दिन पहले उसे ठंड लगी थी लेकिन पैसे न होने के कारण परिवार इलाज न करा सका। प्रशासनिक अमला इस बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
थाना क्षेत्र के ग्राम करबला पुरवा निवासी 50 वर्षीय गुरु प्रसाद शुक्रवार की रात छप्पर के नीचे सो रहा था। इसी बीच उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि उसे दो दिल पूर्व ठंड लग गई थी। जिसके कारण वह बीमार पड़ गया था। उसके हाथ पैरों ने काम करना बंद कर दिया था। शुक्रवार की रात हालत अधिक बिगड़ गई। घर में इतने बिस्तर नहीं थे जिससे उसकी ठंड को दूर किया जा सके। परिवार सुबह होने का इंतजार कर रहा था। लेकिन उसने आधी रात को ही दम तोड़ दिया। परिवार का कहना है कि ठंड के चलते ही गुरु प्रसाद ने दम तोड़ा है। इस सम्बन्ध में प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे। क्षेत्रीय लेखपाल भी घटना से अनिभिज्ञता जता रहे थे। समाचार लिखे जाने तक परिवार को किसी तरह की मदद मुहैया नहीं कराई गई थी। कोई मदद न मिलने पर परिवार ने शव की अंत्येष्टि कर दी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
