विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डायरिया से चार बच्चों की मौत, 18 बीमार

By Edited By:
Published: Tue, 03 Jun 2014 12:06 AM (IST)

News Article Hero Image

श्रावस्ती: सीमावर्ती विकास क्षेत्र सिरसिया के राजगुरु जुड़पनिया के बदलपुर गांव में सात दिनो से डायरिया का कहर जारी है। इसकी चपेट में आकर 24 घंटे के अंतराल में चार बच्चों की मौत हो गई। 18 लोग बीमार चल रहे हैं। सूचना के बाद भी इलाज के लिए स्वास्थ्य टीम गांव में नहीं पहुंची है। मरीज निजी चिकित्सकों की दवा और दुआ के सहारे चल रहे हैं।

सिरसिया के बदलपुर गांव के पथरकट्टनपुरवा में सात दिनों से डायरिया का प्रकोप चल रहा है। 24 घटों के अंतराल में डायरिया से जुवंती (6) पुत्री दुलारे, सुशीला (3) पुत्री राजेश, किरन (5) पुत्री अंग्रेज व सुनील (2) की मौत हो गई जबकि ऊषा (7) व पिंकी (5) पुत्रीगण राजेश, पम्मी (21) पत्‍‌नी राजेश, कोमल(2) पुत्री राधेश्याम, सोनू (7) पुत्र अंग्रेज, प्रियंका (3) पुत्री अंग्रेज, सोडी (6) पुत्री लल्लू समेत लगभग 18 लोग बीमार चल रहे हैं। बनवारी लाल व काली प्रसाद बताते हैं कि गांव में फैली बीमारी की सूचना सिरसिया सीएचसी पर दी गई। सीएचसी अधीक्षक मौजूद नहीं थे। ग्रामीण बताते हैं कि यहां तैनात चिकित्सक डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि अभी कोई स्टाफ नहीं हैं। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे एएनएम व आशा कार्यकर्ता गांव में पहुंची और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य टीम दवाओं के साथ गांव में पहुंच रही है। शाम 5:30 बजे तक जब गांव में स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची तो एएनएम और आशा कार्यकर्ता भी वापस लौट गईं। टीम के न पहुंचने से ग्रामीणों में रोष है। 160 परिवार वालों के इस मजरे में शुद्ध पेयजल के लिए मात्र एक इंडिया मार्का हैंडपंप लगा है। वह भी पिछले एक वर्ष से खराब पड़ा है। अशर्फी, राधेश्याम, राकेश कुमार व जीवन लाल कहते हैं कि खराब पड़े नल को सही कराने के लिए कई बार ब्लॉक पर शिकायत की गई लेकिन कोई पहल नहीं की गई। ग्रामीण कुंए का प्रदूषित पानी पीने को विवश हो रहे हैं।