यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिमागी बुखार से दो की मौत, चार बीमार

संवादसूत्र, इकौना(श्रावस्ती): इकौना क्षेत्र में दिमागी बुखार से दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग बीमार चल रहे हैं। बुखार से हुई मौतों के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। इसके बावजूद भी मच्छरजनित बीमारियों से निजात दिलाने की पहल पर स्वास्थ्य विभाग मौन है। हालाकि इन मौतों के बाद एसडीएम चिकित्सकीय टीम के साथ गांव में जाकर स्थिति का जायजा लिया और बुखार पीड़ित लोगों को दवाओं का वितरण कराया।
विकास क्षेत्र इकौना के ग्राम पासीपुरवा कटरा निवासी करिया (18) पुत्र रामराज व ग्राम कल्यानपुर निवासी हरीश (11) पुत्र दिनेश पांडेय की इलाज के दौरान जिला चिकित्सालय बहराइच में शुक्रवार की देर रात मौत हो गई। इन दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में इलाज चल रहा था लेकिन हालत गंभीर होने पर पीड़ितों को बहराइच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ग्रामीण बताते हैं कि क्षेत्र में गंदगी और मच्छरों की भरमार से अनेकों लोग बुखार आदि से पीड़ित हैं।
एसडीएम केपी सिंह ने बताया कि बुखार से हुई मौत की सूचना पर स्वास्थ्य टीम के साथ गांव की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने बताया कि गांव में बुखार की शिकायत पर चार लोगों को दवाएं वितरित कराई गई और जांच के लिए खून का नमूना भी लिया गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
