विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिमागी बुखार से एक और महिला की मौत

By Edited By:
Published: Tue, 13 Oct 2015 12:05 AM (IST)

श्रावस्ती : विकास क्षेत्र गिलौला के रामपुर पैड़ा, रायपुर बिलेला के बाद अब दिमागी बुखार ने अब सुबिखा

News Article Hero Image

श्रावस्ती : विकास क्षेत्र गिलौला के रामपुर पैड़ा, रायपुर बिलेला के बाद अब दिमागी बुखार ने अब सुबिखा में पांव पसार लिया है। यहां बुखार की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग बुखार से तप रहे हैं। सूचना के बाद भी गांव में स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची है। पीड़ित लोग निजी चिकित्सकों के यहां इलाज करा रहे हैं। तीन दिनों के अंतराल इन गांवों में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद भी स्वास्थ्य महकमा चेतने को तैयार नहीं हैं।

विकास क्षेत्र गिलौला के सुबिखा, रामपुर बिलेला व रामपुर पैड़ा गांव में पिछले कई दिनों से बुखार का प्रकोप चल रहा है। दिमागी बुखार की चपेट में आकर सुबिखा गांव निवासी राधा देवी(40) पत्‍‌नी दिनेश की सोमवार को मौत हो गई। राधा देवी का इलाज बहराइच में एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। गांव में बुखार से रमेश (12), मनोज(12), प्रियांशी (6), उमाधर (8), मोनू (16) पीड़ित चल रहे हैं। पीड़ित अपना इलाज निजी चिकित्सक से कराने को विवश हैं। वहीं रायपुर बिलेला गांव में संचित (25), ज्योति (5), रमेश (16) भी बुखार से तप रहे हैं। रामपुर पैड़ा गांव में भी बुखार का कहर जारी है। स्वास्थ्य विभाग चार मौतों के बाद भी कुंभकरणी नींद सो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना के बाद भी प्रभावित गांव में स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची है। इससे मरीज अपना इलाज नीम, हकीम व झोला छाप चिकित्सकों से कराने को विवश हैं। प्रभारी सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसबी सिंह का कहना है कि सूचना मिलने के बाद प्रभावित गांव में टीम भेजी जाती है।