यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खसरा का कहर जारी, 25 बच्चे बीमार

श्रावस्ती : भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सिरसिया ब्लॉक क्षेत्र के पकड़िया गांव में खसरा का कहर 15 दिनों से जारी है। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य टीम गांव में नहीं पहुंची। जब इसकी शिकायत सीएमओ से की गई तो उनके निर्देश पर मंगलवार को दो स्वास्थ्य कर्मी गांव में पहुंचे और औपचारिकता निभा कर लौट आए। स्वास्थ्य विभाग की कार्य प्रणाली से ग्रामीणों में असंतोष है।
सीमावर्ती ब्लॉक क्षेत्र के लालपुर कुसमहवा के पकड़िया गांव में खसरे का कहर जारी है। 15 दिनों से 25 बच्चे बीमारी की चपेट में आकर जूझ रहे हैं। पिंटू (11) पुत्र गोली राम, सोनू (8) पुत्र चेतराम, अनीता (12) पुत्री चेतराम, रमेश (6), उमेश (3) पुत्रगण बंधू, लक्ष्मी (8) पुत्री बंधू, सुशीला (10) पुत्री चंदी प्रसाद, सूरज (7) पुत्र चंदी प्रसाद, अखिलेश(8), मनोज (4) पुत्रगण जगदंबा, कलीम (6) पुत्र मुहर्रम अली, विजय (6) पुत्र तीरथराम, विक्रम (7) पुत्र आफत, रोज अली (12) जुम्मन, जनक दुलारी (1) पुत्री नीबर, गुड़िया (15) पुत्री नकछेद, रक्षाराम (8) पुत्र नीबर व सबूर अली (5) पुत्र कलहू समेत 30 बच्चे खसरे से पीड़ित चल रहे हैं। पूर्व प्रधान राघवराम पासवान ने बताया कि खसरा फैलने की सूचना सीएचसी पर दी गई लेकिन अधीक्षक ने फोन ही रिसीव नहीं किया। इसके बाद खसरा की जानकारी सीएमओ को दी गई। सीएमओ के निर्देश पर एक महिला व एक पुरुष स्वास्थ्य कर्मी को गांव में भेजा गया। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य कर्मी औपचारिकता पूरी कर वापस लौट आए। गोली राम, जगदंबा प्रसाद, पुत्ती लाल व छैलू का कहना है कि गांव में 15 दिनों से खसरा फैला हुआ है लेकिन स्वास्थ्य महकमा जानबूझ कर अंजान बना रहा। जानकारी पर भी इलाज की ठोस पहल नहीं की जा रही है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एमए खान ने बताया कि खसरा फैलने की जानकारी मिली है। गांव में टीम भेजी गई है। टीम आने के बाद ही बताया जा सकता है कि गांव में कौन बीमारी फैली हुई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
