विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कल्यानपुर गांव में बुखार से 18 और पीड़ित

By Edited By:
Published: Mon, 21 Oct 2013 12:11 AM (IST)Updated: Mon, 21 Oct 2013 12:12 AM (IST)

News Article Hero Image

श्रावस्ती : विकास क्षेत्र इकौना के ग्राम कल्यानपुर व पासीपुरवा में शुक्रवार को दिमागी बुखार से हुई दो मौतों के बाद आखिरकार प्रशासन की नींद टूट गई। शनिवार की शाम एसडीएम केपी सिंह के नेतृत्व में इन गांवों में पहुंची चिकित्सकों की टीम ने बुखार से पीड़ित लोगों को दवाएं देकर उनके रक्त के नमूने लिए। वहीं रविवार को सीएमओ डॉ. आरपी गुप्ता ने कल्यानपुर गांव में पहुंच कर बुखार से पीड़ित डेढ़ दर्जन बच्चों को इलाज के लिए सीएचसी इकौना पहुंचाया। यही नहीं डीपीआरओ केके मिश्र ने गंदगी से अटे कल्यानपुर गांव में सफाई कर्मचारियों की फौज उतार कर सफाई अभियान तो चलाया ही। साथ में गांव में फागिंग करवा कर कीटनाशक का छिड़काव भी किया गया।

रविवार को मुख्य चिकित्साधिकारी ने कल्यानपुर गांव पहुंच कर बुखार से पीड़ित पूजाराम(12), मोहित (7), प्रीतम पांडेय (8), प्रभू (8), मंगेश (12), प्रांजल (6), काजल(4), अभिनंदन (4), शिवांगी (5), शिवांशी (5), नीतू (6), राज (4), निक्कू (4), दद्दू (10), अरविंद (12), अंशिका (13), जगतपाल (18), सिद्धांत (12) आदि को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। इन बच्चों की जांच कर इन्हें दवाएं देकर घर भेज दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रजत सिंह ने बताया कि संदेह के आधार पर दो मरीज प्रांजल व पूजा राम को भर्ती कर शेष लोगों को दवा देकर घर भेज दिया गया। गांव में कीटनाशक का छिड़काव कराया जा रहा है। साथ ही स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपजिलाधिकारी से पेयजल के टैंकर की मांग की गई है। चिकित्सकों की एक टीम को गांव में भेजा गया है। जो वहीं रूक कर जरूरतमंदों को दवाएं वितरित करेगी। लगभग सभी गांव पंचायतों में सफाई कर्मियों की तैनाती के बावजूद गंदगी की भरमार है। इससे संक्रामक व मच्छरजनित बीमारियां फैल रही हैं। इस मुद्दे पर प्रशासनिक अनदेखी ग्रामीण जनता के स्वास्थ्य पर विपरीत असर डाल रही है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर