यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से बच्चे की मौत, मस्तिष्क ज्वर की आशंका

संत कबीर नगर : स्थानीय कस्बे में मंगलवार को एक बच्चे की अज्ञात बुखार से मौत हो गई। चिकित्सकों ने इंसेफेलाइटिस की आशंका व्यक्त करते हुए उसे मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया था परंतु वहां ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। क्षेत्र में इंसेफेलाइटिस की दस्तक से लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने साफ सफाई कराने के साथ ही फागिंग आदि बचाव के कार्य कराने की मांग किया है।
स्थानीय क्षेत्र के ग्राम दुर्गजोत निवासी इनामुल हक नंदौर कस्बे में किराए का मकान लेकर रहते हैं। उनके सात माह के बच्चे को दो दिन से तेज बुखार आ रहा था, जिसका इलाज वह स्थानीय स्तर पर कराने लगे, परंतु लाभ न मिलने से मंगलवार की सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहदावल ले गए, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को तेज बुखार के साथ झटके आने के कारण इंसेफेलाइटिस की संभावना व्यक्त करते हुए मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया था। परिवार के लोग बच्चे को लेकर घर गए और पैसों की व्यवस्था करने में लगे थे इसी दौरान उसकी हालत और बिगड़ गई और थोड़ी ही देर बाद उसकी मौत हो गई। इंसेफेलाइटिस की आशंका से क्षेत्र के गांवों में दहशत है। सभी ने गांव में फांगिंग कराने की मांग की है।
