यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार का प्रकोप बढ़ा, एक की मौत

लखनौती (सहारनपुर) : क्षेत्र में बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बुखार के कारण एक व्यक्ति काल के गाल में समा गया।
पिछले एक पखवाड़े से क्षेत्र में अनेक बीमारियों ने पैर पसार लिए हैं। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में मलेरिया, टायफाइड, वायरल, उल्टी, दस्त समेत अनेक गंभीर बीमारियों ने लोगों को घेर रखा है। इस समय जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की भारी भीड़ लगी हुई है वहीं निजी चिकित्सकों के यहां भी मरीजों का घंटों-घंटों नंबर नही आ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुखार के मरीजों की भीड़ बढ़ती जा रही है। अनेक मरीजों को तबीयत खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है। गांव लखनौती निवारी 28 वर्षीय राजू को मंगलवार शाम अचानक बुखार हो गया। परिजनों ने उसे गांव में ही निजी चिकित्सक को दिखाया परन्तु उसे आराम नही मिला। देर शाम उसकी तबीयत और अधिक बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी में भर्ती कराने के लिए लेकर चले ही थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अचानक हुई जवान मौत से परिजनों को गहरा सदमा पहुंचा है।
