यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार ने ली चार की जान

लखनौती, सहारनपुर : क्षेत्र में बुखार लोगों को सांस नहीं लेने दे रहा है। पिछले चौबीस घंटों में बुखार से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग इसकी चपेट में हैं।
गांव निवासी 55 वर्षीय खातून व 3 वर्षीय शबनम को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उनका कई जगह इलाज कराया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। चौबीस घंटे के अंदर ही दोनों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग इन मौतों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। सीएचसी प्रभारी डा. अनवर अंसारी का कहना है कि गांव में टीम भेज कर जांच कराई जाएगी।
तल्हेडी बुजुर्ग: बसेडा में डेंगू से एक और महिला ने दम तोड़ दिया। रानी पत्िन काला को दो दिन पहले बुखार आया, जिस पर उसने स्थानीय डाक्टरों से इलाज कराया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे देहरादून के लिए रेफर कर दिया गया। हालत में कोई सुधार न होने पर उसे जौली ग्रांट ले जाया गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। नानौता: कस्बे के मोहल्ला कानूगोयान निवासी 45 वर्षीय दिलशाद को तीन दिन पूर्व बुखार हो गया था। उसे स्थानीय चिकित्सकों को दिखाया गया। बुखार के चलते रविवार रात उसकी मौत हो गई।
---इनसेट---
बुखार फिर बढ़ा, डेंगू का एक और मरीज मिला
गंगोह : क्षेत्र में बुखार का प्रकोप फिर बढ़ गया है। सरकारी अस्पताल में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को 40 मरीजों को इलाज के लिए भर्ती किया गया। डेंगू के कारण एक छात्र को भी सहारनपुर भर्ती कराया गया है। तीन माह से बुखार क्षेत्र मे लोगों को सता रहा है। बुखार के कारण इस वर्ष अब तक 50 जानें जा चुकी हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी मरीजों की संख्या एक हजार को पार कर गई थी। मोहल्ला नीमतला निवासी आतिफ दिल्ली में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा है। एक सप्ताह पूर्व उसे बुखार ने घेर लिया। परिजन उसे यहां ले आए। तबीयत खराब होने पर उसे सहारनपुर ले जाया गया। परिजनों के अनुसार चिकित्सक ने जांच कराने के बाद उसे डेंगू बताया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
