यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
टाइफाइड व मलेरिया के चपेट में तल्हेड़ी बुजुर्ग के ग्रामीण

तल्हेड़ी बुजुर्ग, सहारनपुर। तल्हेड़ी बुजुर्ग के सैकड़ों निवासी टाइफाइड और मलेरिया की चपेट में हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की कुंभकर्णी नींद टूटने का नाम नहीं ले रही। इस गांव से अन्नू, महरून्निशा, तनवीर, शिमला, सरताज, हदीशन, लुकमान, तंजीम, इसराना, असगरी, रूखसाना, तबस्सुम, इस्तखार, अनीस समेत सैकडों मरीज टाइफायड और मलेरिया से पीडि़त हैं। वे गांव और स्थानीय बस स्टैंड स्थित डाक्टरों के यहां अपना इलाज करा रहे हैं। कुछ मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें देवबंद, सहारनपुर और मेरठ के अस्पतालों के लिए रेफर किया गया है। ज्यादातर मरीजों में प्लेटलेट्स घटने के मामले प्रकाश में आ रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी गरीब लोगों के सामने आ रही है। पिछले पखवाड़े क्षेत्र में दो मामले डेंगू बुखार के आ चुके हैं। आशिक पुत्र असगर की हालत ज्यादा बिगड़ने से परिजन उसे उपचार के लिए हरपटपुर ले गए। अशफाक पुत्र इब्राहीम को भी मुजफ्फरनगर के लिए रेफर किया गया। डेंगू से गंझेडी में कारी महबूब और इसी गांव तल्हेड़ी में अयूब की मौत हो चुकी है। गत वर्ष डेंगू से ग्रस्त प्रदीप लाला की भी दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई थी। ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी रोष है। बुखार के प्रकोप के चलते उन्होंने डाक्टरों की टीम भेजने की स्वास्थ्य विभाग से मांग की है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
