यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
धर्म संसद: नहीं आए अशोक सिंघल व स्वामी

सहारनपुर : देवबंद में शनिवार को होने वाली हिंदू धर्म संसद को लेकर जिन-जिन लोगों के नाम प्रचारित किए गए थे। उनमें कोई भी नहीं पहुंच पाए। अशोक सिंघल शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिए गए थे। जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. सुब्रमण्यम स्वामी भी धर्म संसद में नहीं पहुंच पाए।
हिंदू धर्म संसद को लेकर आयोजकों द्वारा पिछले करीब एक माह से देवबंद, सहारनपुर व आसपास के जनपदों में बड़े-बड़े होर्डिग्स लगाए गए थे। इनमें करीब 15 बड़े नामों का उल्लेख किया गया था कि ये लोग धर्म संसद में पहुंच रहे हैं। इनमें विहिप नेता अशोक सिंघल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. स्वामी के अलावा कई प्रमुख नाम शामिल थे। हिंदू स्वाभिमान के राष्ट्रीय संयोजक दिल्ली के लाजपत नगर निवासी डा.वरुणवीर की गिरफ्तारी को पुलिस ने पुलिस ने शाम तक साफ नहीं किया। इनका 107/16 में चालान कर जेल भेजा गया है। इन समेत दूसरे अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के लिए देवबंद व सहारनपुर की सीमाओं पर तैनात पुलिस की निगाहें दिन भर हिंदू नेताओं को तलाशती रही। इसके लिए कार से लेकर आने वाली बसों तक की गहनता से जांच की गई। मगर किसी भी प्रमुख नेता के न पहुंचने पर पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस मामले में पुलिस पहले से सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। इनमें हिंदू धर्म संसद के संयोजक वीरेंद्र गुर्जर प्रमुख थे। इनके साथ गिरफ्तार किये गए दूसरे भाजपा नेताओं को जमानत मिलने के बाद भी शनिवार की शाम 5 बजे तक जेल से नहीं निकलने दिया गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
