यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दलित महिलाओं पर अत्याचार

सहारनपुर : खेत से घास काटना एक दलित परिवार को मंहगा पड़ा। इससे गुस्साए दबंगों ने शुक्रवार को दलित परिवार के घर पर धावा बोल दिया और महिलाओं को उठा कर ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर दबंगों ने एक महिला के कपड़े फाड़ दिए और एक युवक का सरियों से प्रहार कर सिर फोड़ दिया। हद तब हो गई जब पीड़ित परिवार शिकायत के थाने जाने लगा तो रास्ते में घेर कर उसकी डंडों से पिटाई की गई। घटना बेहट थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
कादरपुर मजार (केवलगढ़) में दलित सतीश व उसके भाई का परिवार रहता है, जो मजदूरी करते हैं। सतीश ने बताया कि शुक्रवार को उसके भाई की पत्नी व बेटी जंगल से घास काट कर घर आई तो गांव के दबंगों ने यह आरोप लगाते हुए घर पर धावा बोल दिया कि उनकी बिना मर्जी के खेत से घास कैसे काटी। आरोप है कि इतना कहते ही दबंगों ने भाई की पत्नी और उसकी बेटी को घर से उठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर दबंगों ने भाई की पत्नी के कपड़े फाड़ दिए और सरिये से प्रहार कर उसका सिर फोड़ दिया। शोर शराब सुनकर वहां आसपास के लोग आ गए। लोगों को आता देख दबंग पुलिस से शिकायत करने पर भुगत लेने की धमकी देकर चले गए। सतीश ने बताया कि जब वह पूरे परिवार के साथ बेहट थाने में शिकायत दर्ज करने के लिए जा रहा था तो आरोपियों ने रास्ते में घेर कर फिर डंडों से उसकी पिटाई की। इसके बाद वह घर लौट गया और मौका मिलते ही चिलकाना मार्ग से पूरे परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा। अलविदा जुमा की छुंट्टी होने के कारण पीड़ित परिवार को कोई अधिकारी नहीं मिला। इसके बाद सतीश परिवार के साथ एसएसपी आवास रवाना हो गया। घटना से पूरा परिवार दहशत में और गांव जाने से डर रहा था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
