यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से एक और बालिका की मौत

रामपुर। टांडा में बुखार से एक और बालिका की मौत हो गई। उधर दो बच्चों की मौत के बाद गांव ढक्का नगलिया में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। गांव में अभी कई की हालत गंभीर है। उधर, जिला अस्पताल में डेंगू आशंकित चार मरीज भर्ती हुए हैं।
नगर के मुहल्ला रांड निवासी जुल्फिकार की पांच वर्षीय पुत्री शबनम को शुक्रवार से बुखार आ रहा था। उसे सीएचसी में दिखाया। हालत बिगड़ने पर मुरादाबाद तीर्थाकर मेडिकल कालेज ले गए। आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर पिता शनिवार को रामपुर जिला अस्पताल ले गया। रविवार को वापस लाकर सीएचसी में दिखाया। चिकित्सकों ने उसे दिमागी बुखार बताया। सोमवार सवेरे पांच बजे बच्ची की घर पर मौत हो गई। परिजनों ने दोपहर एक बजे कब्रिस्तान में दफन कर दिया।
उधर ढक्का नगलिया में कई रोगियों की हालत गंभीर है। बरीशिया बेगम, नवेद को मुरादाबाद रेफर किया गया है। परिजन सुबह बरीशिया बेगम को सीएचसी लेकर आए थे। सीएचसी में भीड़ अधिक होने के कारण महिला को चिकित्सकों के आवास के सामने बने बरामदे में फर्श पर लेटा दिया और चिकित्सकों को दिखाया। चिकित्साधीक्षक डा. रामजी लाल ने बताया कि डा. कोमेश कुमार वाष्र्णेय के नेतृत्व में टीम ढक्का नगलिया भेजी गई जहां मरीजों के खून की जांच कराई गई।
उधर, जिला अस्पताल में डेंगू आशंकित चार मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें सिविल लाइंस के कृष्णा विहार ज्वालानगर निवासी 24 वर्षीय सूरज, थाना बिलासपुर के ग्राम टांडा हुरमतनगर के 32 वर्षीय मोहम्मद कासिम, उसकी पत्नी नाजमा और बिलासपुर के ग्राम डोहरिया निवासी 18 वर्षीय मोहम्मद आबिद हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
