विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

टांडा चेयरमैन समेत पांच डेंगू की चपेट में

By Edited By:
Published: Sat, 21 Sep 2013 10:50 PM (IST)

News Article Hero Image

रामपुर। डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। टांडा पालिकाध्यक्ष शहाबुद्दीन गौरी समेत पांच रोगी और इसकी चपेट में आ गए हैं। हालत गंभीर होने पर दो रोगियों को रैफर कर दिया गया है, जबकि एक रोगी जिला अस्पताल में भर्ती है।

टांडा पालिकाध्यक्ष शहाबुद्दीन गौरी भी डेंगू की चपेट में आ गए हैं। पालिकाध्यक्ष दिल्ली से लौटे तो बुखार था। उन्होंने ब्लड की स्लाइड मुरादाबाद भेजकर जांच कराई तो उनके होश उड़ गए। रिपोर्ट में डेंगू की आशंका जताई गई। चेयरमैन के ब्लड प्लेनेट्स घटकर मात्र पच्चीस हजार रह गए हैं, जो सामान्य व्यक्ति के शरीर में डेढ़ से साढ़े चार लाख होते हैं। चेयरमैन को मुरादाबाद ले जाया गया है। उधर मिलक तहसील में कार्यरत राजेंद्र सक्सेना को डेंगू की आशंका में बरेली के सरन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिलासपुर के मुहल्ला कायस्थान निवासी मुरारीलाल की 16 वर्षीय बेटी मुन्नी और 21 साल का बेटा अन्नू को कई रोज से बुखार आ रहा था। स्थानीय चिकित्सकों से इलाज कराया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। हालत बिगड़ने पर जांच कराई गई, जिसमें प्लेटलेट काफी कम पाए गए। परिजन दोनों रोगियों को लेकर जिला अस्पताल आए, जिन्हें भर्ती कर लिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर रैफर कर दिया। शाहबाद क्षेत्र के गुलड़िया कला गांव निवासी महेन्द्रपाल की 18 वर्षीय बेटी भागवती भी कई रोज से बुखार की चपेट में थी। चिकित्सकों ने उसे भी डेंगू की आशंका जताई है, जिसे हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधर टांडा क्षेत्र में भी डेंगू ने दस्तक दे दी है। युवक में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। उसे उसकी मां व बहन को मुरादाबाद में भर्ती कराया गया है। मां व बहन में भी डेंगू के लक्षण बताए गए हैं।

नगर के मुहल्ला नवाबपुरा निवासी 26 वर्षीय शाहवेज खां को बुखार आ रहा था। स्थानीय उपचार में लाभ न मिलने पर उनको मुरादाबाद के तीर्थाकर मेडिकल कालेज में दिखाया तो वहां उनको डेंगू की पुष्टि हुई। शाहवेज की मां 50 वर्षीय सायरा एवं बहन 20 वर्ष गुलनाज बेगम को भी बुखार है। उनको डेंगू की आशंका है। तीनों टीएमयू में भर्ती हैं। पिता मतलूब खां ने बताया कि यहां बुखार न उतरने पर मुरादाबाद ले जाया गया। उधर सरकारी अस्पताल के चिकित्साधीक्षक रामजीलाल का कहना है कि उनकी जानकारी में कोई डेंगू का रोगी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले भर में बुखार प्रभावित इलाकों में जांच की गई। टीमों ने केमरी, स्वार, रजपुरा क्षेत्र में बुखार के रोगियों की जांच की और दवा का वितरण किया। बचाव की जानकारी भी दी गई।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर