यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तीन दिन में बुखार से चार लोगों की मौत

रायबरेली, जागरण संवाददाता : जिला अस्पताल में संक्रामक रोगों से पीड़ित चार लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। दूसरी ओर जिला अस्पताल में आए दिन संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई बेहतर व्यवस्था नहीं की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मांडवी (9) पुत्री शिव कुमार निवासी जलान कोतवाली महाराजगंज बीते कई दिनों से बीमार चल रही थी। इस पर परिवारीजनों बालिका का इलाज गांव के एक डाक्टर करा रहे थे, लेकिन इलाज के दौरान बालिका के स्वास्थ्य में कोई परिवर्तन नहीं दिखा। इस पर परिजन बालिका को जिला अस्पताल ले कर आए। यहां पता चला कि मांडवी कई दिनों से बुखार से ग्रसित है। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने बालिका को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा लिया। यहां इलाज के दौरान बालिका की मंगलवार को मौत हो गई। इसी तरह शालू (2) निवासी मंशा खेड़ा थाना शिवगढ़ भी बुखार से पीड़ित थी। मासूम का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। यहां इलाज के दौरान शालू ने भी दम तोड़ दिया।
21 सितंबर विमला देवी (70) निवासी जैतूपुर थाना मिल एरिया ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया था। वहीं 22 सितंबर शिवानी (7) निवासी बारा, डीह की भी बुखार की चपेट में आकर मौत हो गई। दूसरी ओर पीएचसी से लेकर जिला अस्पताल तक दर्जनों की संख्या में संक्रामक रोगों से पीड़ित नए मरीज भर्ती हो रहे है।
