यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार पीड़ित मासूम की मौत

रायबरेली, जागरण संवाददाता : बारिश के बाद निकली धूप से संक्रामक बीमारियां फैलने लगी हैं। रविवार को ऊंचाहार क्षेत्र में बुखार पीड़ित एक किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई बीमार अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। इसी प्रकार महाराजगंज क्षेत्र में भी बीमारियों मे पैर पसारने शुरू कर दिए हैं।
ऊंचाहार, संवाद सहयोगी के अनुसार क्षेत्र के गढ़ी मजरे निवेदा गांव निवासी रवि शंकर की पांच वर्षीय पुत्री संजू एक माह से बुखार से पीड़ित थी। उसका इलाज बाबूगंज के एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। यहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पिता रवि शंकर ने बताया कि पुत्री का अंतिम संस्कार कर दिया है।
इसी प्रकार बुखार से पीड़ित फटहा निवासी महक, आदी, सनोज, मलखान व ब्यूटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पचखरा निवासी माधुरी को उल्टी-दस्त होने पर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सीएचसी अधीक्षक डा.आरबी सिंह यादव ने बताया कि मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। महाराजगंज, संवाद सहयोगी के अनुसार मौसम के करवट लेने के साथ ही बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। रविवार को अवकाश के बाद भी इमरजेंसी में मरीजों की खासी भीड़ रही। डाक्टरों की माने तो मौसम के बदलाव के कारण वायरल फीवर, टाइफाइड, मलेरिया के अलावा मस्तिष्क ज्वर के मरीज आ रहे है। डा.एके कौशल ने बताया कि अधिकांश मरीज बुखार से पीड़ित हैं। उन्हें साफ-सफाई के साथ रहने की सलाह देने के साथ ही दवाएं दी गई हैं।
