विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बुखार से तीन की और मौत, कई भर्ती

By Edited By:
Published: Fri, 29 Aug 2014 08:03 PM (IST)

News Article Hero Image

रायबरेली, जागरण संवाददाता :

जिले में शहर हो या गांव हर ओर संक्रामक रोगों का कहर लोगों पर टूट रहा है। जिला अस्पताल में दर्जनों की संख्या में रोज नए मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। अस्पताल में बुखार से पीड़ित मरीजों के मरने का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है। दूसरी ओर गंभीर रूप से बीमार मरीजों को इलाज के लिए सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया जा रहा है।

सदर कोतवाली के अहिया रायपुर निवासी राम स्वरूप (70) बुखार से पीड़ित थे। इनका भी इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को महादेव (75) निवासी चंद चंट्टा बुजुर्ग थाना मोहनगंज जिला अमेठी भी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। हालत में सुधार न होने का कारण उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इसी तरह गंगा देई (65) निवासी किशुन पूरे गोसाइन थाना भदोखर की भी बुखार की चपेट में आने से शुक्रवार को मौत हो गई।

बता दें गुरुवार रात शुभम (19) पुत्र परशुराम निवासी मेकई, लालगंज कोतवाली के परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान गुरुवार देर रात उसने दम तोड़ दिया था।

इनसेट

सीएचसी से आ रहे मरीज

जिला अस्पताल में इन दिनों संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीजों की मानों बाढ़ सी आ गई है। ब्लाकों में बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों भर्ती होने वाले मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। इसके साथ ही एक दिन में दर्जनों की संख्या में नए मरीज भर्ती हो रहे हैं। सीएमएस बीपी शुक्ला ने बताया कि रेफर और भर्ती होने वाले मरीजों की देखभाल ठीक तरीके से की जा रही है।

इनसेट

विद्यालय में अचेत हुई छात्रा,

तेरह अन्य बीमार

ऊंचाहार, संवाद सहयोगी : तेज बुखार के कारण एक छात्रा विद्यालय में बेहोश हो गई। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा बुखार से पीड़ित तेरह अन्य मरीज भी भर्ती कराए गए हैं। इस समय पूरे क्षेत्र में वायरल का प्रभाव है। शुक्रवार की सुबह जवाहर इंटर कालेज अरखा में इंटर की छात्रा मंजू तेज बुखार के कारण कालेज में बेहोश हो गई। विद्यालय प्रशासन ने उसे तुरंत सीएचसी पहुंचाया। यहा उसका इलाज चल रहा है। इसके अलावा मानिकपुर कस्बा निवासी रुचि को उल्टी दस्त के कारण सीएचसी में भर्ती कराया गया है। यही नहीं जसौली गांव की मोहिनी, गंज मजरे गंगौली गांव के कमलेश, गुलरिहा गांव के विजय, ब्राहौली गांव की संपति, अकोढि़या गांव के संपत, खरौली गांव की पुष्पा, बहेरवा गांव की सोनिया, कैथवल गांव की नमता, ऊंचाहार कस्बा के वशीम, जगतपुर के हाफिज़ अली, सरगपुर गांव के राजेश और सावापुर गांव के अमर पाल को बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।