यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से अधेड़ की मौत

रायबरेली, जागरण संवाददाता : जिले में मौसम परिवर्तन होते ही संक्रामक रोगों की बाढ़ सी आ गई है। जिला अस्पताल से ले कर सीएचसी-पीएचसी में संक्रामक रोगों से पीड़ित प्रतिदिन नए मरीज भर्ती किए जा रहे है। वहीं इलाज के दौरान कोई न कोई मरीज दम तोड़ रहा है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई अहम कदम नहीं उठाए जा रहे है।
जानकारी के मुताबिक राम सुमेर (55) पुत्र राम प्रसाद निवासी रतासो, कोतवाली सलोन पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित चल रहा था। परिवारीजन अधेड़ का उपचार गांव के एक डाक्टर से करा रहे थे, लेकिन अधेड़ को आराम नहीं मिला। इस पर परिजनों ने रामसुमेर को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान मंगलवार को अधेड़ की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया जबकि सोमवार को सलोन कोतवाली क्षेत्र निवासी बुधई की मौत भी बुखार से हुई है। वहीं पिछले कई दिनों से मरीजों की मौत का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को बेहतर सुविधा दिलाने के लिए कोई अहम कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
