यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 12, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से दो की मौत, दर्जनों भर्ती

रायबरेली, जागरण संवाददाता : जिले में मौसम में बदलाव होते ही संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ने लगा है। बीते रविवार को हुई बरसात के बाद से जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा दिखाई देने लगा है। साथ ही प्रत्येक दिन दर्जनों की संख्या में सीएचसी-पीएचसी मरीज भर्ती हो रहे है। शनिवार को बुखार से पीड़ित दो लोगों ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि तीन अन्य डायरिया से पीड़ित है।
जानकारी के अनुसार शुभम (10) पुत्र फूलचंद निवासी मेवाज का पुरवा थाना नसीराबाद का स्वास्थ्य पिछले कई दिनों से बिगड़ा हुआ चल रहा था। इस पर परिजन उसका इलाज पास के एक डाक्टर से कर रहे थे, लेकिन आराम न मिलने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां बालक ने शनिवार को उपचार के दौराम दम तोड़ दिया। वहीं बुखार से पीड़ित एक 60 वर्षीय वृद्ध ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वृद्ध की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जबकि अमेठी जनपद के मोहनगंज थाना क्षेत्र निवासी हिमांशु (6), अनमोल (8) और दिव्यांश (7) पुत्र धर्मेश कुमार पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। सीएचसी में उपचार के दौरान पता चला कि सभी को डायरिया है। पिता ने अपने बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
