विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 30, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लीड) मौसम बदलते ही बढ़े रोगी, दो की मौत

By Edited By:
Published: Sun, 30 Mar 2014 06:59 PM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

रायबरेली, जागरण संवाददाता : गर्मी में संक्रामक रोगों के फैलने का अंदेशा बढ़ गया है। खास कर मच्छरों से होने वाली बीमारियों ने पांव पसार दिए हैं। अस्पतालों में उल्टी दस्त, बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है। ऊंचाहार क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। ऐसे में संक्रामक रोगों से निपटने के लिए शासन से कोई आदेश नहीं मिला है। स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर से ही कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने में जुटा है। रही शहर की बात तो यहां भी मच्छरों से लोगों को बचाने के लिए नगर पालिका की ओर से कोई कदम नहीं उठाए गए हैं।

ऊंचाहार क्षेत्र के गांव पूरे लोधन मजरे अकोढि़यां निवासी सुरेश कुमार (40) पुत्र रामनाथ विगत एक माह से संक्रामक रोग से पीड़ित थे। पीड़ित का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था। बीमारी बढ़ जाने से मरीज को ऊंचाहार सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी में इलाज के दौरान रविवार को युवक ने दम तोड़ दिया। दूसरी घटना में गांव के दयाराम (50) पुत्र श्रीराम निवासी शबीसपुर 15 दिनों से बुखार से पीड़ित थे। इनका इलाज गांव स्तर पर कराया जा रहा था। मरीज को आराम न मिलने पर उसे निजी अस्पताल में लाया गया। रविवार को वृद्ध ने भी सीएचसी में दम तोड़ दिया।

मच्छरों से बचें और रहें सेहतमंद

सेहत को दुरुस्त रखना है तो मच्छरों से बचने का प्रयास करें। मच्छरों के काटने के मलेरिया, डेंगू, जापानी इंसेफलाइटिस, चिकनगुनिया आदि बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं।

बचने के लिए क्या करें

-सोते समय मच्छर दानियों का उपयोग करें।

-घर के आस पास किसी भी हाल में पानी न रुकने दें।

-कूलर का पानी बदलते रहें। घर में भी पानी इकट्ठा न होने दें।

-फुल आस्तीन की शर्ट पहने।

संक्रामक रोगों से ऐसे बचें

-ताजा व गर्म खाना खाएं। भोजन को ठक कर रखें।

-बासी खाना न खाएं। बाजार में कटे फटे फलों का भी न करें उपयोग।

-शौच के बाद और भोजन से पहले साबुन से हाथ जरूर धुल लें।

-तालाब के किनारे लगे नल के पानी को गर्म करने के बाद ही पिए।

-पानी में क्लोरीन की गोलियां डाल कर पिए।

रोग से करें बचाव

- नजदीक के सरकारी अस्पताल में चिकित्सक से सलाह लें।

-मरीज को अधिक से अधिक पानी पिलाएं। ओआरएस का घोल पिए।

-गांव में संक्रामक रोगों के फैलने की सूचना अस्पताल को दें।

कंट्रोल रूम खुला

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में संक्रामक रोग से निपटने के लिए कंट्रोल रूप खोल दिया गया है। कंट्रोल रूम के नंबर 2208145 पर संक्रामक रोग के फैलने की सूचना दी जा सकती है।

क्या कहते हैं सीएमओ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एके सिंह ने बताया कि संक्रामक रोगों से निपटने के लिए पूरी तैयारी है। दवा आदि की पूरी व्यवस्था कर ली गई है। संक्रामक रोगों की सूचना मिलने पर टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाएगा। लोग भी संक्रामक रोगों से स्वयं को बचाने का पूरा प्रयास करें।