यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संक्रामक बीमारी से पांच की मौत

रायबरेली, नगर संवाददाता : सर्दी की शुरुआत होने से पहले मौसम में बदलाव होना फिर से शुरू हो गया है। सुबह-शाम हलकी सर्दी और दोपहर को गर्मी का मौसम होने के कारण आए दिन लोग बीमारी की चपेट में आ रहे है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में डायरिया और बुखार की चपेट में आने से पांच लोगों को मौत हो गई।
जिला अस्पताल में एक बार फिर से बुखार से पीड़ित लोगों की संख्या में इजाफा होने लगा हैं। अस्पताल में शुक्रवार को डायरिया और बुखार से पीड़ित पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। गुरु प्रसाद (30) पुत्र भगौती निवासी बनी मिल एरिया डायरिया से पीड़ित थे। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार की सुबह गुरु प्रसाद ने दम तोड़ दिया।
वहीं बुखार से पीड़ित शैलेश कुमार (4) पुत्र सुरेश कुमार निवासी बिहार, उन्नाव, अमर बहादुर (42) पुत्र राम गोयल निवासी भटपुरवा, खीरों, आदित्य (2 माह) पुत्र रमेश कुमार निवासी शिवगढ़ और सुशीला (50) निवासी जडेला, फुरसतगंज पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। परिजनों ने बताया कि पास के डॉक्टर से इलाज कराया जा रहा था, लेकिन आराम न मिलने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने के कारण शुक्रवार सुबह सभी बुखार पीड़ितों ने दम तोड़ दिया।
इस बारे में सीएमएस डा. बीपी शुक्ला ने बताया कि अस्पताल में आने वाले रोगियों का इलाज किया जा रहा है। कई बार मरीज इधर-उधर इलाज कराने के बाद ही जिला अस्पताल आते हैं, इस कारण भी हालात नियंत्रण से बाहर हो जाते हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
