यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 29, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सिपाही परिवार डेंगू की चपेट में, रेफर

रायबरेली, कासं : सदर कोतवाली में तैनात एक सिपाही का परिवार डेंगू बुखार की चपेट में आ गया है। जिला अस्पताल पहुंचने पर सभी को रिफर कर दिया गया है। परिवार का इलाहाबाद में इलाज चल रहा है।
कोतवाली में तैनात सिपाही रजवंत सिंह निवासी आनापुर इलाहाबाद व परिवार के लोगों को कई दिन से बुखार आ रहा था। सिपाही शहर के निजी चिकित्सक से इलाज करा रहा था। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई तो जिला अस्पताल से रिफर कर दिया गया।
सिपाही के पुत्र सक्षम 15, भतीजा चंदन 14, बेटी साक्षी 12 को शुक्रवार को जिला चिकित्साल में भर्ती कराया गया था लेकिन तीनों बच्चों व भाभी सविता सिंह को रिफर कर दिया गया था। सिपाही रजवंत सिंह व तीन साल के बेटे शुभ को शनिवार को रिफर किया गया। सिपाही व परिवार का इलाहाबाद में सिविल लाइन के गंगा नर्सिग होम में डा. ओपी गुप्ता की देखरेख में इलाज चल रहा है।
सीएमएस डा. बीपी शुक्ला ने बताया कि जिला चिकित्सालय में डेंगू परीक्षण की सुविधा नहीं है। मरीज की गंभीर दशा व डेंगू की आशंका पर मरीजों को लखनऊ रिफर कर दिया जाता है।
लखनऊ में दो मरीजों की मौत
बछरावां : थाना क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी ननकई (30)पत्नी देवीशंकर व पुत्र अभिषेक 10 की डेंगू से मौत हो गई। इन लोगों का उपचार लखनऊ में हो रहा था। जबकि इनकी भतीजी लक्ष्मी पुत्री देवीदयाल को तेज बुखार के कारण इलाज चल रहा है।
डेंगू से मौत की पुष्टि नहीं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एके गुप्ता ने बताया कि जिले में दो जगह पुराना खीरों गांव व बछरावां के मुबारक पुर गांव में सूचना पर विभाग की टीम भेजकर लोगों की स्लाइड बनाई गई है। दोनो जगह मियादी बुखार का पता चला है। जिले में अब तक किसी के डेंगू से मरने की पुष्टि नहीं हुई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
