यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ऊंचाहार में ठंड ने सात को निगला

ऊंचाहार कार्यालय: तहसील क्षेत्र में ठंड के कहर से सात लोगों की सांसे थम गई। हाड़ कंपाऊ ठंड में मौतों का सिलसिला बदस्तूर जारी है, वहीं प्रशासन के कानों में अभी तक जूं नहीं रेंगी है। ठंड से बचाव के नाकाफी प्रयासों का खामियाजा गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है। पांच लाख के कंबल और 50 हजार का अलाव धरातल पर कहीं नजर नहीं आ रहा है। पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की बात पर प्रशासनिक अधिकारी प्रक्रिया पूरी न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के गांव पुरबारा निवासी रामपियारे (62) सोमवार को ऊंचाहार बैंक पेंशन के लिए आए थे। वापस घर पहुंचे तो ठंड से काप रहे थे। थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो गई। उधर उमरन गांव निवासी रामऔतार (60) खेत में पानी लगाए थे। खेत में ठंड लगी और वह वहीं गिर गए। सुबह अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसी प्रकार बसात अली का पुरवा मजरे सरांय अख्तियार निवासी राकेश कुमार (24) खेत में पानी लगाने गए थे। जहां उसे ठंड लगी और मौत हो गई।
गांव गढ़ी मजरे इटौरा बुजुर्ग निवासी शीतलदीन (40) मंगलवार की प्रात: शौच के लिए गांव से बाहर तालाब में गये थे। वहां वह ठंड का शिकार हो गये। उनका शव तालाब के किनारे मिला है। क्षेत्र के गांव पूरे सरदार का पुरवा निवासी छेदीलाल (58) ट्यूबवेल की रखवाली कर रहे थे। रात में ठंड के कारण उनकी मौत हो गई। सुबह उनका शव छप्पर के नीचे मिला। क्षेत्र के गांव रतापुर मजरे कंदरावा की रहने वाली चित्रलेखा (40) पत्नी राजेन्द्र सुबह घर के सामने बैठी थी। उन्हें ठंड लगी और उनकी मौत हो गई। इसी प्रकार दौलतपुर गांव निवासी लक्ष्मण (50) को ठंड लग गई। परिजन उसको जब तक अस्पताल ले जाते, उनकी मौत हो गई। दिसंबर माह से अब तक ठंड से केवल ऊंचाहार तहसील में 21 मौत हो चुकी है।
उपजिलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह का कहना है कि ठंड से एक भी मौत नहीं हुई है। ठंड से बचने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सजग है। गांव स्तर पर भी प्रधान एवं राजस्व कर्मी इस पर निगाह रखे हुए है।
दिसंबर माह में ठंड से 14 मौतें
1. दो दिसंबर को मोतीलाल (55) आइमा जहनिया, आठ दिसंबर को अब्दुल कादिर (55) निवासी कस्बा ऊंचाहार, दस दिसंबर को बजरंग बहादुर सिंह (60) निवासी गौतमन का पुरवा, 11 दिसंबर को मनबोध पटेल (55) निवासी सिनेमा हाल रोड, 12 दिसंबर को रामआसरे (50) निवासी ऐहारी बुजुर्ग, 15 दिसंबर को रामप्रसाद (55) निवासी ऐहारी बुजुर्ग व सुरजई पत्नी कल्लू निवासी बिबियापुर, 16 दिसंबर को समर बहादुर (55) निवासी बाहेरपुर, 18 दिसंबर को श्यामा देवी (65) निवासी बल्दी का पुरवा, 20 दिसंबर को बेचूराम (60) निवासी पूरे तेलियन, अरखा, देवकली (55) पत्नी बिंदादीन निवासी सहरी, 21 दिसंबर को महादेव (50) निवासी पिपरहा, रामआसरे (45) निवासी पूरे भुसई इटौरा, 28 दिसंबर को रामहर्ष (58) निवासी गोड़वा, दर्शन मौर्या (55) निवासी जगदीशपुर की ठंड से मौत हो चुकी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
