विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कुंडा क्षेत्र में दिमागी बुखार से एक और मौत

By Edited By:
Published: Mon, 08 Sep 2014 01:02 AM (IST)

News Article Hero Image

कुंडा, प्रतापगढ़ : दिमागी बुखार से कुंडा क्षेत्र में एक और मासूम की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। अभी एक दिन पहले भी एक मौत हुई थी। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की नींद नहीं टूटी है।

संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र कि किंधौली गांव निवासी नन्हें सरोज का पांच वर्षीय बेटा अमन बीते एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। परिजन उसका इलाज स्थानीय चिकित्सक से करा रहे थे। रविवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई तो परिजन संग्रामगढ़ सीएचसी ले गए। वहां से हालत खराब होने पर उसे कुंडा रेफर कर दिया गया। परिजन उसका इलाज एक स्थानीय नर्सिगहोम में करा रहे थे, जहां पर इलाज के दौरान मासूम की दोपहर में सांसें थम गईं। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

इसके पहले भी एक मौत हो चुकी है। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के काशीपुर गांव निवासी फूलचंद्र की दो वर्षीय बेटी पल्लवी बीते चार दिन से बुखार से पीड़ित थी। परिजन उसका इलाज स्थानीय चिकित्सक से करा रहे थे। शनिवार को अचानक उसकी तबीयत खराब हुई तो परिजन उसे लेकर सीएचसी कुंडा पहुंचे। वहां पर उपचार से पूर्व ही उसकी सांसें थम गई। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गौरतलब है कि इन दिनों बदलते मौसम से लोगों में फीवर, सर्दी जुकाम जैसी संक्रामक बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। बच्चों की मौत से दोनों परिवारों में मातम छा गया है।