यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से तीन मौतों से रघुरामपुर गांव में दहशत

कोहंड़ौर, प्रतापगढ़ : बुखार से दंपती समेत तीन लोगों की मौत होने से रघुरामपुर गांव में दहशत व्याप्त है। गुरुवार की रात दंपती की नातिन ने भी इलाहाबाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। उधर, यह खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंच कर सवा सौ लोगों के ब्लड की जांच की।
कोहड़ौर क्षेत्र के रघुरामपुर गांव निवासी राम प्रताप तिवारी (60) और उनकी पत्नी कमला देवी (58) बुखार से पीड़ित थी। मंगलवार की रात राम प्रताप ने यहां दम तोड़ दिया था, जबकि कमला की देहरादून में मौत हो गई थी। बुखार से पीड़ित नातिन संध्या (16) पुत्री रामचंद्र की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रेफर कर दिया गया था। देहरादून से गुरुवार को शव आने के बाद इलाहाबाद में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गुरुवार की रात संध्या ने भी इलाहाबाद में दम तोड़ दिया। उसका शव गांव में दफनाया गया।
उधर, गुरुवार को जागरण में छपी खबर को पढ़ने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी करने पर जब यह पता लगा है कि दंपती की नातिन की भी मौत हो गई है तो शुक्रवार को सुबह नौ बजे डिप्टी सीएमओ डा.वीबी सिंह, सीएचसी अधीक्षक राजीव द्विवेदी की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम रामचंद्र के घर पहुंची और सबसे पहले बुखार से पीड़ित रामचंद्र की पत्नी शकुंतला (40), डाली (12) पुत्री जय प्रकाश का इलाज किया। इसके बाद टीम ने सवा सौ लोगों के ब्लड की जांच की। साथ ही गांव में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करवाया।
