विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इलाज के दौरान महिला की मौत, अस्पताल में हंगामा

By Edited By:
Published: Thu, 03 Jul 2014 07:04 PM (IST)

News Article Hero Image

सड़वा चंद्रिका, प्रतापगढ़ : अंतू थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव में क्षय रोग से पीड़ित महिला की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। पति ने आरोपी एनएमए के खिलाफ सीएचसी अधीक्षक से शिकायत की है। अधीक्षक ने सीएमओ को पत्र भेजा है।

कल्यानपुर गांव निवासी सुषमा देवी पत्नी राम अचल वर्मा दमा के रोग से पीड़ित थी। 16 जून को सीएचसी सड़वा चंद्रिका इलाज कराने गई तो वहां तैनात एनएमए (नान मेडिकल असिस्टेंट) संजय दुबे ने क्षय रोग से पीड़ित बताते हुए बाहर की दवा लिख दिया।

दवा खाते ही सुषमा के शरीर में सूजन आने के साथ ही गंभीर बीमारी हो गई। परिजनों ने उसे जिला मुख्यालय पर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान सुषमा की मौत हो गई। सुषमा की मौत पर परिजन सीएचसी पहुंचे और एएनएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए हंगामा किया।

इतना ही नहीं, क्षय रोग से पीड़ित चार अन्य मरीजों से इलाज के नाम पर वसूली करने का आरोप एनएमए पर लगाया। बताया जाता है कि इस बाबत प्रभारी अधीक्षक डा. अनिल श्रृंगार से पूछताछ के दौरान एनएमए से नोंकझोंक भी हुई। इस पर प्रभारी अधीक्षक ने एनएमए के खिलाफ कार्रवाई को सीएमओ को पत्र भेजा है।

------

गेटमैन की हत्या की गुत्थी सुलझाने में उलझी पुलिस

सड़वा चंद्रिका, प्रतापगढ़: अंतू थाना क्षेत्र के उमरी रेलवे क्रासिंग पर तैनात रहे गेटमैन की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस उलझ कर रह गई है। दस दिन बाद भी पुलिस घटना का खुलासा करने में नाकाम रही है।

गौरतलब है कि 24 जून को भोर में ड्यूटी के दौरान गेटमैन जीतलाल की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। घटना को उलझाने के लिए गुप्तांग काट कर बगल में रख दिया था। सनसनीखेज इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अंतू पुलिस के साथ जीआरपी, आरपीएफ भी लगी, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी।

बताते हैं कि ड्यूटी के दौरान गाड़ियों के आवागमन के चार्ट में भी छेड़छाड़ किया गया है। स्टेशन मास्टर के मुताबिक गेटमैन ने 4.21 बजे एक गाड़ी को लाइन दिया था। रिकार्ड के मुताबिक हत्या 4.21 बजे के बाद हुई। लेकिन यह किसी के गले के नीचे नहीं उतर रहा है। क्योंकि उस समय शौच के लिए ग्रामीण निकलने लगते हैं, ऐसे में उस समय हत्या करना मुमकिन नहीं है।

इस संबंध में सीओ सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गेटमैन हत्या के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।