विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ठंड पैकेज-- ठंड से नायब तहसीलदार सहित नौ की गई जान

By Edited By:
Published: Thu, 10 Jan 2013 07:28 PM (IST)Updated: Thu, 10 Jan 2013 07:29 PM (IST)

News Article Hero Image

-ग्रामीण क्षेत्र में मौतों का सिलसिला जारी

प्रतापगढ़ : मौसम का तेवर कई करवट ले रहा है। इससे लोगों को जहां धूप होने से कुछ घंटे की राहत मिल रही है, वहीं रात की गलन जानलेवा रुख अख्तियार किए हुए है। जिले में बुधवार की रात से गुरुवार की शाम तक कुंडा के नायब तहसीलदार समेत नौ लोगों की जान चली गई। सभी मौतें ग्रामीणांचल में हुई हैं। इसके बाद भी जिला प्रशासन ठंड से हो रही मौतों को मानने को तैयार नहीं है।

देल्हूपुर प्रतिनिधि के अनुसार खरवई गांव के श्रीराम धुरिया व पुरेला के राम कृपाल की ठंड के चलते मौत हो गई। कुंडा अंचल में भी ठंड ग्रामीणों को काल कवलित कर रही है।

बाघराय प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के खरगीपुर गांव में ठंड की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थाना क्षेत्र के खरगीपुर गांव निवासी लालाराम को विगत एक सप्ताह पूर्व ठंड ने जकड़ लिया। परिजन उनका इलाज इलाहाबाद के एक चिकित्सक से करा रहे थे। बुधवार की रात उनकी तबियत अचानक खराब हुई तो परिजन चिकित्सक के पास ले जाने लगे कि उनकी सांसें थम गई। कोहंडौर थाना के पोख्ताखाम के हरिमंगल दुबे को ठंड ने लील लिया। इसी प्रकार सरियापुर जेठवारा के गोकुल प्रसाद की ठंड से हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दीवानगंज प्रतिनिधि ने बताया कि इलाके में प्रशासन द्वारा ठंड से बचाव के इंतजाम न होने से ग्रामीण मौत के मुंह में जा रहा है। सरसीडीह के अनंतू राम और जेठू की मौत ठंड लगने से हो गई।

परियांवा प्रतिनिधि के अनुसार शीतलहर की चपेट में आने से तहसील में तैनात नायब तहसीलदार समेत एक विवाहिता की मौत हो गई। मौत की खबर सुन परिजनों में कोहराम मच गया। इलाहाबाद जनपद के निवासी विनय कुमार चौधरी का कुंडा तहसील में नायब तहसीलदार के पद कुछ माह पूर्व स्थानान्तरण हुआ था। वह तहसील में अपनी ज्वाइनिंग कराकर मेडिकल पर चले गए थे बुधवार की रात ठंड लगने से उनकी मौत हो गई।

इसी प्रकार नवाबगंज थाना क्षेत्र के पासिन का पुरवा गांव निवासी अवधेश सरोज की पत्‍‌नी 38 वर्षीय पत्‍‌नी मिथलेश कुमारी को बुधवार की दोपहर अचानक ठंड लग गई, और उल्टी-दस्त होने लगी। परिजन उसे स्थानीय बाजार स्थित एक नर्सिग होम में इलाज के लिए ले गए, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

अजगरा प्रतिनिधि के अनुसार जेठवारा थाना के क्षेत्र के फूलपुर गांव के (65) भागीरथी की इहलीला समाप्त हो गई। जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो घर वाले अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, इसके पहले ही वह निष्प्राण हो गया।

-----

कोहरे से मरुधर रही अनिश्चित

प्रतापगढ़ : कोहरे का असर कई लंबी दूरी की ट्रेनों पर गुरुवार को रहा जोधपुर से बनारस जाने वाली मरुधर एक्सप्रेस अनिश्चित कालीन लेट रही। इसके पंजाब मेल अप व डाउन भी तीन-तीन घंटे लेट बताई गई। कई प्रमुख ट्रेनों का आने का समय निश्चित न होने के कारण यात्री परेशान रहे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर