यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से नहीं लीवर इंफेक्शन से हुई थी बालिका की मौत

जागरण संवाददाता, पीलीभीत :
एक दिन पूर्व बिलसंडा में हुई बालिका की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव ढकपुरा का दौरा किया। टीम ने गांव में कई लोगों का चेकअप किया। इसके बाद बालिका का इलाज करने वाले डॉक्टर से बात की। डॉक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक बालिका की मौत बुखार से नहीं बल्कि लीवर में इंफेक्शन की वजह से हुई थी।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम ढकपुरा निवासी छह वर्षीय प्रांशी पुत्री सुशील की तेज बुखार से मौत हो गई थी। परिजनों के मुताबिक उसको पांच दिन पूर्व बुखार हुआ था। उसका बरेली में उपचार चल रहा था। जहां मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया था। मौत की जानकारी सीएमओ डा. अशोक कुमार सिंह को होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव भेजा गया। एसीएमओ डा. ओम चौहान और जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची। टीम ने मृतका के घर जाकर डॉक्टरों की रिपोर्ट को देखा। इसके बाद डॉक्टर से बात भी की। डॉक्टर ने टीम को बताया कि बालिका की मौत बुखार से नहीं बल्कि लीवर में इंफेक्शन से हुई थी। इसके बाद टीम ने गांव में कई लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। सीएमओ डा. अशोक कुमार सिंह के मुताबिक गांव में किसी प्रकार का कोई संक्रमण नहीं पाया गया है।
