विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डायरिया से बच्ची की मौत,250 लोग चपेट में

By Edited By:
Published: Sat, 16 Aug 2014 08:25 PM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : रबूपुरा क्षेत्र के बीरमपुर गांव में डायरिया से पांच साल की बच्ची मौत हो गई। गांव के ढाई सौ लोग इसकी चपेट में हैं। बीमार होने वालों में ज्यादातर बच्चे हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। 36 बच्चों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि डायरिया फैलने की सूचना शुक्रवार को ही स्वास्थ्य विभाग को दी गई थी। सूचना देने के तीस घंटे बाद डाक्टरों की टीम शनिवार दोपहर बाद डेढ़ बजे गांव में पहुंची। डाक्टरों की टीम को ग्रामीणों के गुस्से का भी कोपभाजन बनना पड़ा। एसडीएम जेवर सतीश चंद्र शुक्ला के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। हालांकि सीएमओ ने बच्ची की मौत का कारण डायरिया नहीं माना है।

बृहस्पतिवार शाम को राजकुमार के बेटे जितेंद्र को अचानक उल्टी दस्त होने लगी। रात में हालत बिगड़ने पर उसे फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात में एक दर्जन और बच्चों को उल्टी दस्त शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी गई। देखते-देखते गांव के करीब ढाई सौ लोग डायरिया के चपेट में आ गए। गांव के ही राजेश की पांच वर्षीय बेटी तानिया भी इसकी चपेट में आ गई और एक घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। तानिया की मौत के बाद राजेश अपनी पत्नी व दो बेटे हिमांशु (7 वर्ष) व प्रदीप (6) को लेकर गांव से पलायन कर गया है। गांव के प्रधान ने बताया कि राजेश, पत्नी व बच्चों संग अलीगढ़ के खरा गांव थाना जट्टारी चला गया है। वहीं, डायरिया से पीड़ित दीपक के पिता पोपीन ने भी गांव छोड़ दिया है। सीएमओ आरके गर्ग भी गांव पहुंच गए थे।

तालाब के गंदे पानी का असर हैंडपंप में आने के कारण गांव में डायरिया बीमारी फैली है। करीब 25 लोग इसके चपेट में आ गए हैं। डाक्टरों की टीम को गांव में कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं। गांववालों को क्लोरीन युक्त पानी पीने की सलाह दी गई है। बच्ची की मौत डायरिया से नहीं किसी और बीमारी से हुई है।

-आर के गर्ग, सीएमओ।

लोगों को हैंडपंप का दूषित पानी पीने से मना किया गया है। आशंका है कि इसी से बीमारी फैली है। कुछ हैंडपंप को सील कर दिया गया है।

-सतीशचंद्र शुक्ल, एसडीएम जेवर।