यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 20, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जिला अस्पताल में आए डेंगू के 37 संभावित मरीज

नोएडा, संवाददाता : जिला अस्पताल में डेंगू के संभावित मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। जिला अस्पताल का वार्ड मरीजों से भरा पड़ा है। अस्पताल को लाइजा मशीन मिल जाने के बाद भी संभावित मरीजों में डेंगू की जांच नहीं हो पा रही है। ऐसा पैथोलॉजिस्ट के छुट्टी पर चले जाने के कारण हो रहा था। उनके आज छुट्टी से वापस आने की उम्मीद है। पिछले चार दिनों में अस्पताल में डेंगू के 37 संभावित मरीज आ चुके हैं। जांच के बाद ही उनमें डेंगू की पुष्टि हो सकेगी।
जिला अस्पताल ने पहले ही लैब की जांच में तीस मरीजों में डेंगू की पुष्टि कर चुका है। सीएमओ ने लाइजा मशीन से जांच के बाद ही डेंगू की पुष्टि का जिला अस्पताल को निर्देश दिया। जिला अस्पताल को एक लाइजा मशीन मुहैया कराई गई। इससे जांच होती, इससे पहले ही पैथोलॉजिस्ट छुट्टी पर चले गए। इस कारण पिछले चार दिनों से जिला अस्पताल में मशीन आने के बाद भी डेंगू की जांच नहीं हो पा रही थी। कुछ मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि कुछ मरीज छुट्टी लेकर घर चले गए। डेंगू की पुष्टि न हो पाने के कारण मरीजों को ठीक से इलाज भी नहीं हो पा रहा है।
------
'पैथोलॉजिस्ट के आज अस्पताल आने की संभावना है। इसके बाद डेंगू के संभावित सैंपल की जांच होगी। पिछले चार दिनों में डेंगू के संभावित 37 मरीज अस्पताल आए। उनके ब्लड सैंपल की जांच के बाद ही डेंगू की पुष्टि की जाएगी। हालांकि बुखार के मरीजों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। अस्पताल की तरफ से इलाज किया जा रहा है।'
- डॉ. मीना मिश्रा, कार्यवाहक सीएमएस।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
