यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
टपराना में बुखार से 10 दिन में 6 की मौत

झिंझाना(शामली)। गांव टपराना में बुखार ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गांव में बुधवार को एक मौत हो गई। दो दिन पूर्व एक बच्ची ने दम तोड़ा। इसके अलावा पिछले दस दिनों में चार मौत हुई। गांव के सैकड़ों लोग शामली, दिल्ली व चंडीगढ़ में निजी अस्पतालों में भर्ती हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग बेखबर है। झिंझाना के गांव टपराना में बुखार महामारी का रूप धारण करता जा रहा है। गांव में दस दिनों में 6 मौत हो चुकी है। बुधवार को 12 वर्षीय शाहिद पुत्र साजिद ने बुखार के चलते दम तोड़ दिया। दो दिन पूर्व गांव की ही 15 वर्षीय साजमा पुत्री शौकत की बुखार के चलते मौत हो गई थी। छह मौत व कई के पीड़ित होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग अनजान बना हुआ है जिससे ग्रामीणों में जबरदस्त रोष है। गांव के समाजसेवी माज खान ने बताया कि आए दिन गांव में बुखार से मौत हो रही है लेकिन अब तक कोई स्वास्थ्य कर्मी गांव में नही पहुंचा है। उन्होंने गांव में कैंप लगाकर पीड़ितों की जांच कराने की मांग की है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
