यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 01, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डेंगू का शतक, ग्रामीणों में दहशत

डिलारी। कस्बे व आसपास के गांवों में अब डेंगू बेकाबू होने लगा है। तेजी से बढ़ते मरीजों के कारण ग्रामीणों में खौफ के साथ लचर स्वास्थ्य सेवाओं व बदहाल सफाई व्यवस्था के लिए आक्रोश भी पनपने लगा है। सोमवार को क्षेत्र के करीब 14 और लोगों में डेंगू की पुष्टि होने से मरीजों की संख्या से सौ से अधिक हो गई है जबकि दो दर्जन की मौत भी हो चुकी है।
सोमवार को कस्बा निवासी संदीप, पत्नी कुन्ती व पुत्री सोना के डेंगू की चपेट में आने पर मिशन अस्पताल बरेली में भर्ती कराया गया है। कस्बे में तीन भाई अभिषेक, दीपक व आदेश के डेंगू की चपेट में आने पर मिशन अस्पताल बरेली में भर्ती कराया गया है। कस्बे के रंजीत, बलराम, शहाना के डेंगू की चपेट में आने से उपचार निजी चिकित्सालय में किया जा रहा है। सभी की अस्पताल में हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हो गई है।
इसके अलावा क्षेत्र के गांव धींगरपुर मूलावान निवासी गुलफ्शा, तौसीफ तीन दिन से जानलेवा बुखार की चपेट में थे। हालत बिगड़ने पर मुरादाबाद में निजी चिकित्सक से उपचार कराने पर डेंगू की पुष्टि की गई है। गांव मानपुर साबित निवासी समीर की हालत भी डेंगू की चपेट में आने से चिन्ताजनक है। कई दिनों से डिलारी अस्पताल में भर्ती ढकिया के आबिद की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रैफर कर दिया है। गांव दोजरातपुर निवासी मुन्नू सिंह भी डेंगू की चपेट में है जिसका उपचार निजी चिकित्सक से कराया जा रहा है।
सोमवार को सरकारी अस्पताल में नए साढ़े तीन सौ मरीजों का उपचार करके दवा दी गई। डाक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आठ मरीजों की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल मुरादाबाद रैफर कर दिया है।
माना जा रहा है कि कस्बे व आसपास के दर्जन भर गांवों में सौ से अधिक डेंगू के मरीज सामने आ चुके हैं और लगभग दो दर्जन से अधिक की मौत भी हो चुकी है।
सरकारी अस्पताल प्रभारी डा. ब्रह्मापाल सिंह का कहना है कि फैल रही महामारी मौसम के मिजाज में ठंड आने से समाप्त हो जाएगी। फिलहाल वायरल संक्रमण की दवाइयां सरकारी अस्पताल में उपलब्ध हैं संक्रमण को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
............
बुढ़नपुर में भी फैला बुखार
डिलारी : सोमवार को गांव बुढ़नपुर के ग्रामीणों ने सरकारी अस्पताल के चिकित्सक को गांव में फैल रहे बुखार की जानकारी दी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सभी घरों में बुखार फैल गया है।
डा. संजीव कुमार ने बताया है कि मंगलवार को बुढ़नपुर गांव में शिविर लगाकर दवाइया वितरित की जाएंगी।
सांसद प्रतिनिधि डा. मो. अयूब के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बुढ़नपुर में कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की। प्रभारी डा. ब्रह्मापाल सिंह ने कीटनाशक के छिड़काव का भरोसा दिया है। इस मौके पर जाहिद, इकबाल, अरमान अली, सरजीत, हनीफ, रफीक, मतलूब, निजाम आदि मौजूद रहे।
.....
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
