यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 25, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार के 61 नए रोगी मिले

मुरादाबाद। भोजपुर में फैले रहस्यमय बुखार के रोगियों की संख्या में कोई कमी नहीं आयी है। मंगलवार को भी 61 नये बुखार के रोगी मिले हैं। 26 को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
बुखार कंट्रोल नहीं होने पर एडी हेल्थ डा. केके शर्मा मंगलवार को भोजपुर क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे और पीएचसी भोजपुर में जाकर रोगियों के से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि जिले भर में वायरल फीवर फैला हुआ है। कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रकाश चंद्र ने बताया कि भोजपुर में मंगलवार को 564 रोगियों का इलाज किया गया। जिसमें 61 रोगी बुखार के पाए गए हैं। 35 रोगियों का दवा देकर घर भेज दिया। दस रोगी को पीएचसी भोजपुर में और 16 रोगी को जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। खून की जांच रिपोर्ट में मलेरिया व संदिग्ध डेंगू के कोई रोगी नहीं मिले हैं। महिला कांग्रेस के सदस्यों ने मंगलवार को भोजपुर क्षेत्र से आए बुखार पीड़ितों को फल वितरित किया। इसमें सोमप्रभा शर्मा, राशिदा प्रवीन, रेनू चौधरी आदि उपस्थित थे। दूसरी ओर छजलैट और उसके निकट का गांव रम्पुरा बुखार की चपेट में है। छजलैट निवासी मुहम्मद फुरकान और भाकियू नेता ऋषिपाल सिंह ने बताया कि गांव के सैकड़ों लोग बुखार से पीड़ित हैं। उन्होंने जिला अधिकारी से चिकित्सकों की टीम भेजने की मांग की है। डा. चंद्रा ने बताया कि वायरल फीवर जिले हर क्षेत्र में फैला हुआ है। चिकित्सक ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर रोगियों का इलाज कर रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
