यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अब डिलारी में जानलेवा बुखार की दस्तक

डिलारी। रहस्यमय बुखार ने काजीपुरा के बाद अब डिलारी कस्बे में भी दस्तक दे दी है। सरकारी अस्पताल में शनिवार को तीन सौ मरीजों ने पहुंच कर दवा ली। डाक्टरों की टीमों ने गांव काजीपुरा, बढ़ेरा, सिहाली आदि में शिविर लगाकर मरीजों का उपचार किया। इधर गंदगी के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रदर्शन करके सफाई व्यवस्था कराने की मांग की।
क्षेत्र के गांव काजीपुरा में जानलेवा बुखार की चपेट में आकर दर्जनों ग्रामीण बीमार हैं। काजीपुरा के बाद बुखार ने अब कस्बे में भी अपनी दस्तक दे दी है। कस्बे के सैकड़ों लोग बुखार की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को सरकारी अस्पताल में तीन सौ मरीजों ने पहुंच कर उपचार कराया। इससे कस्बे में बुखार को लेकर दहशत है। इसके अलावा काजीपुरा, सिहाली, बढ़ेरा, बुढ़नपुर, अलियाबाद आदि गांव भी रहस्यमय बुखार की चपेट में हैं। इन गांवों में दर्जनों ग्रामीण बुखार से पीड़ित हैं। सरकारी अस्पताल के प्रभारी डा.ब्रह्मापाल सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ विभाग की टीमों ने गांवों में शिविर लगाकर मरीजों का उपचार किया। प्रभारी डाक्टर ने दावा किया है कि क्षेत्र में बुखार पूरी तरह नियंत्रण में है। अस्पताल में वायरल फीवर और मलेरिया की दवा उपलब्ध है। इधर कस्बे में गंदगी से लोगों में रोष है। उन्होंने शनिवार को सफाई व्यवस्था कराने की मांग को लेकर नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि दस हजार की आबादी में सिर्फ एक ही सफाई कर्मी है जिससे कस्बे में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। उन्होंने कहा कि जहां क्षेत्र में जानलेवा बुखार ने पांव पसार लिए हैं वहीं सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने शीघ्र ही सफाई कराने की मांग की। प्रदर्शन में शाहिद, जाहिद, कलुआ, मुजम्मिल, सलीम आदि रहे।
इंसेट..
कीटनाशक का किया छिड़काव
डिलारी : क्षेत्र में रहस्यमय बुखार की दस्तक के बाद स्वास्थ विभाग सक्रिय हो गया है। शनिवार को स्वास्थ विभाग की टीम ने कस्बा और ग्रामीण इलाकों में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया। सरकारी अस्पताल के डा.एके वर्मा ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर टीम ने कस्बे के अलावा बुखार की चपेट में आए गांवों में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया है। उन्होंने बताया कि इससे मच्छरों को भगाया जाएगा जिससे ग्रामीणों को मलेरिया जैसे बुखार से निजात मिलेगी।
-----
स्वास्थ्य उपकेंद्र बना पशुशाला
डिलारी : स्वास्थ्य विभाग के अलावा अधिकारी ब्लाक क्षेत्र के फैले गांवों में जानलेवा बुखार पीड़ितों को सभी सुविधाएं मुहैया कराने का भले ही दावा करते रहे लेकिन गांव अकबरपुर में स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र उनके दावों को झुठला रहा है।
गांव अकबरपुर में स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र विभागीय अफसरों की अनदेखी के चलते पशुशाला में तब्दील हो चुका है। विभाग ने लाखों रूपये की लागत से स्वास्थ्य उपकेंद्र तो बना दिया लेकिन डाक्टर और स्टाफ की तैनाती नहीं की। यही कारण है कि कुछ ग्रामीणों ने उसमें पशु बांधने शुरू कर दिए जिससे वहां गंदगी का साम्राज्य हो गया। महफूज, भूरा, ताहिर, असलम, जाकिर, बाबू, अब्दुल जब्बार, नजाकत हुसैन आदि ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें उपचार के लिए डिलारी जाना पड़ता है। उन्होंने शीघ्र ही इस स्वास्थ्य उपकेंद्र में डाक्टर और स्टाफ की तैनाती करने की मांग की है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
