विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 20, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कितने मरे, होगी मजिस्ट्रेटी जांच

By Edited By:
Published: Fri, 20 Sep 2013 12:22 AM (IST)

News Article Hero Image

मुरादाबाद। जानलेवा बुखार में सुस्ती बरत रहे स्वास्थ्य विभाग पर अब शिकंजा कसने लगा है। जिलाधिकारी ने एडीएम सिटी प्रवीण मिश्र को 15 दिन में विभागीय भूमिका की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीएम सदर से भी दो दिन में घर-घर सर्वे कर मृतकों की वास्तविक रिपोर्ट तलब की है।

जिले के ग्रामीण क्षेत्र में पखवाड़े भर से जानलेवा बुखार का प्रकोप बना हुआ है। भोजपुर, डिलारी व काजीपुरा में करीब 49 लोगों को बुखार ने लील लिया है। इसके विपरीत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सप्ताह भर तक बुखार फैलने को नकार कर निष्क्रिय बने रहे। बाद में उन्होंने मृतकों की संख्या को लेकर विवाद उत्पन्न कर दिया। सीएमओ डा. संजीव यादव ने सिर्फ दो ग्रामीणों की ही बुखार से मृत्यु होने की बात स्वीकार की। बुधवार को निदेशक संचारी रोग डा. एमके गुप्ता ने दो मौतों को भी खारिज कर बुखार से किसी के नहीं मरने का दावा कर दिया। इसे लेकर मृतकों के परिजनों में भी स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आक्रोश फैल गया।

डीएम संजय कुमार ने एडीएम सिटी को बुखार फैलने की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जांच में स्वास्थ्य विभाग की भूमिका, मृतकों की वास्तविक संख्या व रोग के बचाव कार्य सहित विभिन्न बिंदु शामिल रहेंगे। 15 दिन में रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मृतकों की वास्तविक संख्या की जांच के लिए एसडीएम सदर शैलेंद्र सिंह को भी निर्देशित किया गया है। वह तहसील कर्मियों की ड्यूटी लगाकर घर-घर रोगियों व मृतकों की संख्या का पता लगाएंगे। दोहरी जांच से स्वास्थ्य अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर