यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शीतलहर में तीन मजदूरों समेत छह लोगों की मौत

मुरादाबाद। जिले में ठंड का कहर जारी है। कड़ाके की सर्दी ने गुरुवार को छह और लोगों की जान ले ली। मरने वालों में पाकबड़ा इलाके के तीन मजदूर भी शामिल हैं।
पूस की सर्द रातों में तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंच चुका है। कड़ाके की सर्दी में बुधवार की रात भी पारा दो डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं उठ पाया।
शहर के नवीन नगर में गुरुवार सुबह संतोष रस्तोगी (50) की मौत हो गई। वह स्नान के बाद मंदिर गए थे। लौटकर आने के बाद उन्हें कंपकपी छूटी और घर वालों के कुछ करने से पहले उनकी मौत हो गई। संतोष की नया गांव में परचून की दुकान थी। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चे छोड़ गए हैं। इसी इलाके की विमला देवी (75) की भी ठंड लगने से मौत हो गई। उधर, पाकबड़ा थानाक्षेत्र में भी तीन मजदूरों की ठंड से मौत हुई है।
अंगूर वाली मस्जिद निवासी भूरे अंसारी मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। रात ठंड लगने से उसकी तबियत खराब हुई और शरीर बेजान हो गया। डाक्टर ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसी थानाक्षेत्र के शाहपुर डसर गांव में दो मजदूरों रामभरोसे और पप्पू वाल्मीकि की भी ठंड से मौत हो गई।
गुमसानी गांव में छोटी (60) पत्नी रामअवतार को सुबह कंपकपी छूटने के बाद डाक्टर के पास ले जाते समय मौत हो गई। बताते चलें कि गरीब तबके के जिन लोगों के पास सर्दी से बचाव के पूरे इंतजाम नहीं है। सरकारी इमदाद न पहुंचने से उनके सामने शीतलहर में जीवन का संकट पैदा हो गया है। विपन्नता में घिरे तमाम लोग कड़ाके की सर्दी में सड़कों पर खुले आसमान के नीचे भी जीने को मजबूर हैं।
ट्रैक्टर नहर में गिरा, चालक की मौत
ठाकुरद्वारा तहसील में गुरुवार तड़के घने कोहरे के बीच ट्रैक्टर ट्राली के नहर में गिर जाने के कारण चालक की मौत हो गई जबकि ट्रैक्टर पर बैठे मजदूरों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
