यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मासूमों में बढ़ा खांसी व निमोनिया का प्रकोप

मीरजापुर : सर्दी अभी अपने पूरे जोश में नहीं है लेकिन बच्चों में इसका प्रभाव दिखने लगा है। जिला अस्पताल में इस समय प्रतिदिन 75 से 80 मरीज बालरोग कक्ष में आ रहे हैं। शुक्रवार को ओपीडी में 76 बच्चों को चिकित्सकों को दिखाया गया। इनमें से अधिकांश खांसी से पीड़ित रहे। इसके अलावा निमोनिया और कोल्ड डायरिया के भी मरीज बढ़े हैं। इसमें भर्ती होने वाले बच्चों का भी प्रतिशत बढ़ा है। प्रतिदिन कम से कम दस से 15 प्रतिशत बच्चों को भर्ती किया जा रहा है।
जनवरी शुरू हो गया है लेकिन अभी भी ठंड ने रौद्र रूप नहीं दिखाया है। इसका भी प्रभाव बच्चों पर पड़ रहा है। हवा में अभी उतनी नमी नहीं है इसलिए न तो बच्चे और न ही उनके अभिभावक समझ पा रहे हैं और ठंड लग जा रही है। फिलहाल स्थिति अभी नियंत्रण में है। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
सावधानी बरतें अभिभावक
मीरजापुर : इस संबंध में जिला अस्पताल के नवजात एवं बाल रोग विशेषज्ञ डा. आरके सिंह का कहना है कि बच्चों के अभिभावक इस मौसम में सतर्कता बरतें। यदि सर्दी, खांसी अथवा सीने में खरखराहट होती है तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। बच्चे को सीधी हवा एवं सर्दी से बचाएं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
