यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बेकाबू बुखार ने ली और एक जान
मेरठ : बुखार के प्रकोप ने शनिवार को और एक जिंदगी लील ली। बहसूमा निवासी रोगी ने मेरठ के अस्पताल में द

मेरठ : बुखार के प्रकोप ने शनिवार को और एक जिंदगी लील ली। बहसूमा निवासी रोगी ने मेरठ के अस्पताल में दम तोड़ दिया। उधर, बेकाबू बुखार के मद्देनजर डीएम ने जनपद में सफाई व्यवस्था जांचने को अभियान छेड़ा। साथ ही सफाई अभियान शुरू करने के सख्त निर्देश दिए।
बुखार के प्रकोप से शहर के साथ देहात भी तप रह है। बहसूमा के मोहल्ला बसी निवासी आशीष पुत्र पल्ले को करीब 12 दिन पूर्व बुखार आया था। परिजनों ने मवाना में मरीज का इलाज कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर रोगी को मेरठ में भर्ती कराया गया। शनिवार को उपचार के दौरान आशीश की मौत हो गई।
उधर, जिलाधिकारी जगत राज त्रिपाठी के निर्देश पर शनिवार को अफसरों की टीम शहर के भीमनगर, जागृति विहार, लोहिया नगर, जाकिर कालोनी, लिसाड़ी गाव, बुढ़ाना गेट, लल्लापुर, कसेरुखेड़ा, लाला मोहम्मद पुर (कंकरखेड़ा) और मेवला फाटक पर साफ-सफाई का जायजा लेने पहुंची तो उन्हें जगह-जगह गंदगी के ढेर मिले। इसी क्रम में देहात क्षेत्र के 35 गांवों में अधिकारियों के साथ चिकित्सकों की टीम भी पहुंची। ग्रामीण क्षेत्र में 1,231 रोगियों को उपचार दिया गया। साथ ही 718 के रक्त के नमूने लिए। शहर में 514 रोगियों को दवा दी और 283 रक्त के नमूने लिए।
अपर जिलाधिकारी नगर एसके दूबे ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और फागिंग के लिए नगर आयुक्त, मुख्य अधिशासी अधिकारी, छावनी परिषद और ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई अभियान चलाने का आदेश जिलाधिकारी ने दिया है।
आज शिविर लगाकर होगा इलाज
शहर में वायरल और डेंगू बुखार के गंभीर प्रकोप देखते हुए प्रशासन ने रविवार को 10 मोहल्लों में स्वास्थ्य शिविर लगाने का आदेश स्वास्थ्य विभाग को दिया। एसडीएम सिटी एसके दूबे ने बताया कि शहर के लल्लापुर, जयभीम नगर, माधवपुरम, पुरानी मोहनपुरी, भगवतपुरम, इंद्रानगर, पल्हैडा, फतेहउल्लापुर, कुंडा और मुल्ताननगर में सुबह नौ बजे चिकित्सा शिविर आयोजित कर रोगियों की जांच कर दवा का वितरण किया गया।
