यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देहात में बुखार से चार की मौत

मेरठ : देहात में बुखार कहर बरपाने लगा है। इसकी चपेट में आकर मंगलवार को दो महिलाओं समेत चार की मौत हो गई। इसके अलावा दर्जनों लोग डेंगू समेत अन्य तरह के बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की है।
सरूरपुर के मैनापूठी निवासी गीता (40) पत्नी मटरू शर्मा और खेड़ी कलां निवासी मुन्नी (35) पत्नी शहजाद कई दिनों से बुखार से पीड़ित थीं। परिजनों ने इन्हें मेरठ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों की मौत हो गई। सरूरपुर पीएचसी प्रभारी डा. सुधीर गुप्ता ने दोनों मामलों से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि मौसम में बदलाव से बुखार का प्रकोप है।
जानी खुर्द के बहरामपुर मोरना गांव निवासी मान सिंह (55) पुत्र मामराम को बुखार चढ़ने पर मंगलवार को परिजन अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जानीखुर्द के पीएचसी प्रभारी डा. रामवीर तेवतिया का कहना है कि मान सिंह पहले से बीमार थे।
कंकरखेड़ा की नई गोविंदपुरी निवासी किशोर जाटव (38) पुत्र देशराज प्रॉपर्टी डीलर थे। रविवार को कंकरखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया, जहां उन्हें डेंगू पॉजिटिव बताया गया। बाद में उन्हें आनंद हास्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को उनकी मौत हो गई। इधर, लावड़ में मां-बेटे परवीन कुरैशी व जुनैद (13) को मेरठ स्थित नर्सिग होम में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें डेंगू से पीड़ित बताया गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
