यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 29, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बेकाबू होने लगा डेंगू का डंक

मेरठ : जिले में वायरल के प्रकोप के बीच मरीजों की मौत का सिलसिला जारी है। निजी डाक्टर मौतों का कारण डेंगू बता रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग नकारने पर तुला है। मुल्ताननगर निवासी गीता देवी की शुक्रवार देर शाम डेंगू से मौत हो गई। मेडिकल कालेज में शनिवार को डेंगू के तीन नए मरीज मिले। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अमीर सिंह ने शनिवार को भूड़बराल एवं दौराला क्षेत्र का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इधर, पीएल शर्मा जिला अस्पताल में बुखार रोगियों की संख्या बढ़ने से वार्ड पूरी तरह भर गया।
मुल्ताननगर, भोला रोड निवासी गीता देवी (44) को चार दिनों से बुखार था। उनके पति कृष्णपाल ने बताया कि तेज बुखार की स्थिति में गीता को सिरोही नर्सिग होम में भर्ती किया गया। आराम न होने पर दयानंद नर्सिग होम ले गए। जांच में गीता की प्लेटलेट्स 20 हजार निकली। शुक्रवार शाम तबीयत खराब होने पर उसे आनंद नर्सिग होम ले जाया गया, जहां देर शाम मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घर के सामने ही जोहड़ में मच्छरों का जमावड़ा बना हुआ है, और अन्य कई घातक बुखार की चपेट में हैं।
मेडिकल में तीन नए मरीज
माइक्रोबॉयोलोजी विभाग में एलाइजा टेस्ट के दौरान मेडिसिन विभाग में भर्ती तीन रोगियों में डेंगू की पुष्टि हो गई। इनमें से रवि का डा. गौरव गर्ग, अभिषेक का डा. आभा गुप्ता एवं वीनू यादव का डा. टीवीएस आर्या की देखरेख में इलाज चल रहा है। तीनों मरीजों को आइटी वार्ड में दाखिल कराया गया है, जहां पर उनकी हालत सामान्य बनी हुई है। डा. आर्या ने बताया कि प्लेटलेट्स काउंट पर नजर रखी जा रही है, और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चढ़ाई जाएगी।
सीएमओ ने किया दौरा
डा. अमीर सिंह ने शनिवार को स्टाफ के साथ भूड़बराल एवं दौराला का निरीक्षण किया। दौराला क्षेत्र में बड़ी संख्या में बुखार के रोगी मिल रहे हैं। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सीय सुविधाओं का जायजा लिया। आगाह किया कि बुखार के रोगियों पर खास फोकस किया जाए। सीएचसी दौराला प्रभारी डा. अभयराम को मोबाइल स्विच ऑफ रखने के कारण उन्होंने फटकार लगाई। सीएमओ कार्यालय में आपात बैठक बुलाकर उन्होंने डेंगू की स्थिति की समीक्षा की।
इनका कहना है..
वायरल का संक्रमण तेज हुआ है, जिसे डेंगू समझने की भूल नहीं की जानी चाहिए। अब तक कुल 13 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। कोई मौत नहीं दर्ज हुई है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों को विशेष सतर्कता के निर्देश दिए जा चुके हैं।
डा. अमीर सिंह, सीएमओ
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
