विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ठंड ने आठ को लीला

By Edited By:
Published: Wed, 09 Jan 2013 01:28 AM (GMT+05:30)Updated: Wed, 09 Jan 2013 01:29 AM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

जागरण टीम, मेरठ : जिले में ठंड का कहर जारी है। ठंड से दौराला क्षेत्र में तीन, सरूरपुर, खरखौदा व किठौर में एक-एक और मवाना में दो लोगों की मौत हो गई।

दौराला के रविदासपुरी के वार्ड दो निवासी मजदूर सेवा (45) पुत्र बलवंत ने सोमवार देर रात दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार, वह कई दिनों से ठंड की चपेट में था। पैसे के अभाव में वह अपना इलाज नहीं करा सका। मुखिया की मौत से विकलांग पत्नी और चार बच्चे भूखों मरने के कगार पर हैं। सभासद विनोद ने बताया कि उन्होंने एसडीएम को सूचना दी थी। लेखपाल ने मंगलवार को मौत के कारणों की जांच की और परिवार को खाद्य सामग्री दिलाई। वार्ड तीन निवासी गैंदी (50) पत्नी अमर सिंह व जगदीश (60) पुत्र शोभाराम की भी मौत हो गई। सभासद रविंद्र ने बताया कि इन दोनों की मौत ठंड के कारण हुई है, जिसकी जानकारी एसडीएम को दे दी है।

सरूरपुर क्षेत्र में करनावल निवासी भरत शर्मा का पुत्र (25) पवन किनौनी मिल में रोलर पर काम करता था। सोमवार देर रात बाइक से घर आकर अपने कमरे में सो रहा था। सुबह परिजनों ने कमरे में देखा तो वह मृत पड़ा था। ग्रामीण सर्दी से उसकी मौत होना मान रहे हैं। खरखौदा के गांव बिजौली में सोमवार रात चौ. बुद्ध प्रकाश त्यागी (60) घर पर अकेले थे। सुबह जब बड़ा बेटा उनके लिए चाय लेकर पहुंचा तो वह चारपाई पर मृत पड़े मिले। परिजन मौत का कारण ठंड बता रहे हैं।

इधर, मवाना क्षेत्र के भैंसा गांव में छरिया (75) पुत्र लक्ष्मण की सोमवार रात तथा सैंदर (55) पुत्र खचेड़ू की मंगलवार सुबह ठंड से मौत हो गई। परिजन मौत का कारण ठंड मान रहे हैं। किठौर क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव निवासी नजमुजमा पुत्र कमरूजमां की ठंड के कारण मंगलवार सुबह मौत हो गई।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर