यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेज बुखार की चपेट में आकर तीन की मौत

महोबा, जागरण संवाददाता : बीते कुछ दिनों से रुक रुककर हो रही बारिश व उसके बाद निकल रही तेज धूप से उमस के चलते मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इसी क्रम में तेज बुखार की चपेट में आने से 5 वर्षीय बालक के साथ ही तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं सरकारी व निजी चिकित्सालयों में उल्टी दस्त व तेज बुखार के मरीजों की भरमार है।
बता दें कि कुछ दिनों से रिमझिम बारिश के बाद निकल रही तेज धूप लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। मौसम के बदलाव के चलते लोग बीमारी की चपेट में आ रहे है। विवरण के मुताबिक मप्र के इटवा निवासी 5 वर्षीय विकास को तेज बुखार के चलते चिकित्सालय लाया गया, यहां उसकी उपचार दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक वह कुछ दिनों से बीमारी से पीड़ित था। इसी तरह कालीपहाड़ी गांव निवासी 65 वर्षीय रामसनेही व मप्र के जुझारनगर निवासी 40 वर्षीय रूप सिंह को भी तेज बुखार के चलते हालत बिगड़ने पर परिजनों द्वारा उपचार के लिए चिकित्सालय लाया गया, जहां इन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही सरकारी व निजी चिकित्सालयों में भी मौसम के बदलाव के चलते उल्टी दस्त व तेज बुखार के मरीजों की संख्या में खासी बढ़ोत्तरी हो रही है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग अपना उपचार कराने पहुंच रहे हैं।
क्या बोले जवाबदेह
मौसम के बदलाव के चलते खानपान में विशेष सावधानी बरतें। इसके साथ ही बाहरी चीजों के खानपान से परहेज करें। बुखार आदि आने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाकर अपना बेहतर उपचार कराएं।
-डा. आरपी मिश्रा, चिकित्सक, जिला चिकित्सालय।
