यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेज बुखार आने से मासूम की मौत

महोबा, जागरण संवाददाता : बारिश के बाद निकल रही तेज धूप लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। मौसम के बदलाव के चलते मरीजों की संख्या में भी खासा इजाफा हो रहा है। उधर सोमवार को तेज बुखार की चपेट में आकर मासूम की मौत हो गई। जबकि दो अन्य की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें झांसी रेफर कर दिया गया।
बता दें कि कुछ दिनों पूर्व हुई बारिश के बाद अचानक ब्रेक लग गया। शनिवार की सुबह हुई छिटपुट बारिश के बाद सुबह से ही निकल रही तेज धूप लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। जिला अस्पताल के साथ ही निजी चिकित्सालयों में उल्टी दस्त व तेज बुखार के मरीजों की भरमार है। विवरण के मुताबिक सोमवार को कबरई निवासी 2 वर्षीय कालू की तेज बुखार की चपेट में आने से उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि वह कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। इसके साथ ही करहरा कला गांव निवासी 3 वर्षीय प्रियांशु व जैतपुर की 12 वर्षीय दीक्षा की भी तेज बुखार के चलते हालत बिगड़ गई। स्थिति में सुधार न होने पर डाक्टरों द्वारा दोनों को मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर किया गया है। इसके साथ ही सरकारी व निजी चिकित्सालयों में रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग अपना उपचार कराने को पहुंच रहे हैं।
इस संबंध में चिकित्सक डा. आरपी मिश्रा बताते हैं कि बारिश के बाद निकल रही तेज धूप से बचाव करना चाहिए। बुखार आदि आने पर लापरवाही न बरतें बल्कि चिकित्सक को दिखाकर अपना बेहतर उपचार कराएं। साथ ही बाहरी चीजों के खानपान से भी परहेज करें।
